रायपुर (पब्लिक फोरम)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति का गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर बिना किसी ढील के सख्त कार्रवाई की जाए। “कानून और व्यवस्था हर हाल में बहाल रहनी चाहिए,” मुख्यमंत्री ने स्पष्ट करते हुए कहा। साथ ही उन्होंने पुलिस बल को त्वरित और सतर्क कार्रवाई करने की हिदायत दी। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पुलिस की पैनी नजर हर स्थानीय घटना पर होनी चाहिए, ताकि समय रहते उसके संभावित खतरों का अंदाजा लगाया जा सके। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रदेश में अपराधों की रोकथाम के लिए नशे के अवैध व्यापार, खासकर गांजा, अवैध शराब और ड्रग्स की तस्करी पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
इसके अलावा, नगरीय और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में रात्रि के समय पुलिस गश्त को नियमित करने की भी आवश्यकता पर मुख्यमंत्री ने बल दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद पेट्रोलिंग में शामिल हों और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हवाई अड्डों जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही, शॉपिंग मॉल, होटल और दुकानों को निर्धारित समय पर बंद करने का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि किसी भी तरह के अपराधों को रोका जा सके। शराब के अवैध विक्रय वाले होटलों पर भी कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस को इस पर प्रभावी और तत्परता से कार्रवाई करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव (गृह) मनोज कुमार पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा और मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत समेत गृह विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





Recent Comments