कोरबा (पब्लिक फोरम)। कोरबा नगर पालिक निगम के भाजपा पार्षदों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जिले में संचालित संयंत्रों को आदेश जारी कर राखड़ परिवहन में लगे भारी वाहनों की रफ्तार 20 किमी प्रति घंटा करने व 50 मीटर की दूरी पर बेरिकेड लगाने की मांग की है। 5 दिसंबर तक मांग पूरी नहीं होने पर भाजपा पार्षदों ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन व चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।
पार्षदों ने कहा है कि बालको से झगरहा मार्ग में भारी वाहनों के आवागमन की वजह से आए दिन दुर्घटना होते रहती है। 29 नवंबर को रिंग रोड रिस्दी चौक के पास राखड़ भरे भारी वाहन ने एक शिक्षिका रोशनी बंजारे को कुचल दिया। दुर्घटना में महिला की दर्दनाक मौत हो गई। 5 दिन पहले भी इसी मार्ग पर एक युवक शिवम राय की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई थी।
प्रशासन से मांग की गई है कि कोरबा में संचालित संयंत्रों को तत्काल आदेश जारी कर निर्देशित किया जाए कि राखड़ से भरे सभी भारी वाहनों को 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया जाए तथा प्रत्येक 50 मीटर की दूरी पर बेरिकेड लगाया जाए। 5 दिसंबर तक इसे प्रभाव में लाया जाए अन्यथा 6 दिसंबर को भाजपा पार्षदों के द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं चक्काजाम किया जाएगा। कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद चंद्रलोक सिंह, अजय गोंड, प्रेमचंद पाण्डेय, सुकंदी यादव, सूर्यकांत वर्मा, निखिल शर्मा, द्रौपती वर्मा, लुकेश्वर चौहान, तरूण राठौर, सुफल दास मानिकपुरी आदि मौजूद रहे।





Recent Comments