कोरबा (पब्लिक फोरम)। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने सोमवार को टीपी नगर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल ने अपने पुत्र चैतन्य बघेल के कारण पूरी कांग्रेस को ‘पुत्र मोह’ में झोंक दिया है, जबकि चैतन्य का कांग्रेस संगठन में कोई अधिकृत पद ही नहीं है।
श्री देवांगन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल एक व्यक्ति के लिए पूरे प्रदेश में प्रदर्शन की योजना बना रही है, इससे साफ हो जाता है कि पार्टी का उद्देश्य केवल भूपेश बघेल के निजी स्वार्थों की पूर्ति है। उन्होंने कहा कि यह “चोरी और ऊपर से सीना जोरी” का क्लासिक उदाहरण है — भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए पूरे प्रदेश को परेशान किया जा रहा है।
कोल ब्लॉक आवंटन पर कांग्रेस की दोहरी चाल
उद्योग मंत्री ने कोल ब्लॉक आवंटन और वन स्वीकृति मामलों को लेकर कांग्रेस के पुराने रिकॉर्ड को उजागर करते हुए दस्तावेज़ों के आधार पर कहा कि भूपेश बघेल और कांग्रेस का झूठ बार-बार बेनकाब हो रहा है। उन्होंने कहा कि कोल परिवहन प्रणाली को जानबूझकर ऑनलाइन से ऑफलाइन किया गया था ताकि अवैध वसूली की जा सके। भाजपा सरकार ने फरवरी 2024 में यह व्यवस्था पुनः ऑनलाइन कर भ्रष्टाचार के रास्ते बंद कर दिए हैं।
श्री देवांगन ने आरोप लगाया कि भूपेश सरकार ने अपने कार्यकाल में शराब, कोयला, चावल, गोठान और पीएससी जैसे घोटालों के माध्यम से प्रदेश की संपत्तियों की खुलकर लूट की। इन घोटालों के आरोपी अब एक-एक कर जेल जा रहे हैं, जिससे भूपेश बघेल परेशान हैं।
हसदेव अरण्य और अडानी को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल
मंत्री देवांगन ने कहा कि हसदेव अरण्य क्षेत्र को “नो-गो जोन” से “गो एरिया” में बदलने का काम कांग्रेस के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और तत्कालीन पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने किया था। उन्होंने याद दिलाया कि 23 जून 2011 को तारा, परसा ईस्ट और कांटे बासन कोल ब्लॉक खोलने का प्रस्ताव कांग्रेस सरकार ने ही लाया था।
उन्होंने आगे बताया कि भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री रहते 16 अक्टूबर 2019 को पर्यावरण स्वीकृति के लिए सिफारिश, 31 मार्च 2021 को कोलफील्ड के लिए समझौता, 19 अप्रैल 2022 को स्टेज-1 और 23 जनवरी 2023 को स्टेज-2 वन स्वीकृति के लिए सिफारिशें खुद कांग्रेस सरकार ने कीं।
“अब क्या भूपेश बघेल अपने घर की बिजली बंद करेंगे?”
मंत्री देवांगन ने कटाक्ष करते हुए कहा, “जब कोल ब्लॉक आवंटन का विरोध होता था, तब भूपेश जी कहते थे कि बिजली का उपयोग बंद कर दीजिए। अब जबकि खुद उन पर आरोप हैं, क्या वे अपने घर और राजीव भवन की बिजली बंद करेंगे?”
भाजपा ने तथ्यों से किया कांग्रेस को बेनकाब
प्रेस वार्ता में मंत्री देवांगन ने कहा कि भाजपा दस्तावेज़ों और तथ्यों के आधार पर कांग्रेस की दोहरी नीति और पाखंड को जनता के सामने लाने का कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की झूठी राजनीति को प्रदेश की जनता अब बर्दाश्त नहीं करेगी और सच्चाई के साथ खड़ी होगी।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, भाजपा उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पार्षद अशोक चावलानी, मीडिया प्रभारी मनोज मिश्रा और सह मीडिया प्रभारी पवन सिन्हा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Recent Comments