बालकोनगर (पब्लिक फोरम)। देश के 76वें गणतंत्र दिवस का पावन पर्व बालको नगर में अत्यंत गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। एकता पीठ परिसर स्थित ‘ऐक्टू’ यूनियन कार्यालय में आयोजित भव्य समारोह में लोकतंत्र के मूल्यों को सहेजने और सामाजिक न्याय की रक्षा का संकल्प लिया गया।

समारोह की मुख्य अतिथि, पूर्व सरपंच श्रीमती पूनम अहिरवार ने देश की आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज का आरोहण किया। तिरंगे को सलामी देते हुए उन्होंने आजादी के महान शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने उद्बोधन में श्रीमती अहिरवार ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को याद किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से स्वतंत्रता, समानता, भाईचारा और सामाजिक न्याय जैसे संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव सजग रहने का आह्वान किया।


इस अवसर पर बालको सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के संयोजक बी.एल. नेताम ने एक महत्वपूर्ण विचार रखा। उन्होंने वर्तमान परिदृश्य में शिक्षा, रोजगार, श्रम कानून की रक्षा, सम्मान और संविधान को बचाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक व्यापक अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।


समारोह में विचारों का आदान-प्रदान करते हुए रामजी शर्मा, रूपदास महंत, राजेश महंत, पंकज श्रीवास, श्रीमती नीलम शर्मा, पुरुषोत्तम कश्यप, राजेंद्र पटेल और नकुल अहिरवार ने भी गणतंत्र के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के समापन पर मनीष साहू ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

इस आयोजन में एल.एन. नाई, सतीश पटेल, रोहित साहू, अनिल पटेल, प्रेमी प्रजापति, बलवंत राजभर, चिराग दिव्या, सुनील पटेल और प्रदीप परस्ते सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और बच्चों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।





Recent Comments