back to top
होमछत्तीसगढ़बालकोनगर: एल्युमिनियम एम्पलाइज यूनियन (एटक) की वार्षिक सभा - मजदूरों के हक...

बालकोनगर: एल्युमिनियम एम्पलाइज यूनियन (एटक) की वार्षिक सभा – मजदूरों के हक के लिए उठीं 12 सूत्रीय मांगें

बालकोनगर (पब्लिक फोरम)। पूर्व में लिए गए निर्णय के अनुसार, एल्युमिनियम एम्पलाइज यूनियन (ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस – एटक से संबद्ध) की वार्षिक साधारण सभा/सम्मेलन दिनांक 30 मार्च 2025 को मुस्ताक भवन, एटक कार्यालय, बालकोनगर में आयोजित हुई और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

इस सम्मेलन का शुभारंभ उद्घाटन समिति द्वारा किया गया। सबसे पहले राज्य एटक के कोषाध्यक्ष एस.के. सिंह ने एटक का झंडा फहराया। इसके बाद शहीद ट्रेड यूनियन नेताओं को याद करते हुए “मजदूर एकता जिंदाबाद”, “दुनिया के मजदूर एक हो”, और “किसान-मजदूर एकता जिंदाबाद” जैसे नारे लगाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में अध्यक्ष मंडली के सदस्यों की घोषणा की गई, जिसमें राज्य एटक के महासचिव कामरेड हरिनाथ सिंह, सचिव एम.एल. रजक, कोषाध्यक्ष  एस.के. सिंह, और एल्युमिनियम एम्पलाइज यूनियन के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी शामिल थे। अध्यक्ष मंडली का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया।

एल्युमिनियम एम्पलाइज यूनियन (एटक) के महासचिव सुनील सिंह ने यूनियन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्रतिवेदन में यूनियन की स्थापना, इसका इतिहास, केंद्र में सत्तारूढ़ एनडीए सरकार की मजदूर एवं किसान विरोधी नीतियों, बालको कारखाने की स्थापना, वहां कार्यरत मजदूरों की स्थिति, और वर्ष 2024 में यूनियन द्वारा किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण शामिल था।

महासचिव सुनील सिंह ने कहा, “आज बालको में कार्यरत ठेका कर्मचारियों को जो भी सुविधाएं मिल रही हैं, वह सब एटक यूनियन की मेहनत का नतीजा है। लेकिन प्रबंधन इन सुविधाओं में लगातार कटौती कर रहा है और मजदूरों की छंटनी कर रहा है। प्रबंधन की मजदूर विरोधी नीतियों को रोकने के लिए हमें एकजुट होकर आंदोलन करना होगा।”

सम्मेलन में उपस्थित कार्यकारिणी सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे और सभी ने प्रतिवेदन का समर्थन किया। प्रतिवेदन में 12 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन शुरू करने की बात कही गई, जो निम्नलिखित हैं:

1. बालको कारखाने में नियमित प्रकृति के कार्यों पर लगे ठेका कर्मचारियों को स्थायी किया जाए।
2. जिन ठेका कर्मचारियों का प्रमोशन नहीं हुआ, उन्हें सामान्य प्रमोशन दिया जाए।
3. एलटीएस में शामिल ठेका कर्मचारियों की हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी में उनके माता-पिता का नाम जोड़ा जाए।
4. अप्रैल 2022 में एलटीएस में शामिल किए गए ठेका कर्मचारियों को तत्काल कैटेगरी प्रदान की जाए।
5. ठेका कर्मचारियों को उत्पादन बोनस दिया जाए।
6. ठेका कर्मचारियों को विशेष क्षेत्र भत्ता (वर्क कंडीशन अलाउंस) प्रदान किया जाए।
7. बालको के नियमित और ठेका कर्मचारियों के अनाधिकृत ट्रांसफर पर रोक लगाई जाए।
8. अनुकंपा नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाए।
9. एलटीएस में शामिल ठेका कर्मचारियों को एकसमान वेतन वृद्धि दी जाए।
10. बालको में कार्यरत ठेका कर्मचारियों को आवास सुविधा प्रदान की जाए।
11. नॉन-एलटीएस ठेका कर्मचारियों को कैंटीन भत्ता, गुड़, गमछा और साबुन दिया जाए।
12. मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए प्रबंधन पर दबाव बनाया जाए।

सम्मेलन के अंत में वर्ष 2025 के लिए नए पदाधिकारियों का चयन किया गया, जिनके नाम इस प्रकार हैं:

1. अध्यक्ष: हरिनाथ सिंह 
2. कार्यकारी अध्यक्ष: एस.के. सिंह 
3. उपाध्यक्ष: एम.एल. रजक, पी.के. वर्मा, धर्मेंद्र तिवारी, श्रीमती संतोषी बरेठ 
4. महासचिव: सुनील सिंह 
5. उप महासचिव: धर्मेंद्र सिंह, नरसिम्हा राव 
6. सचिव: मनीष नाग, अभिषेक मिश्रा, रामायण यादव, अविनाश सिंह 
7. संगठन मंत्री: अनूप सिंह 
8. कोषाध्यक्ष: ताराचंद कश्यप 
9. स्थायी आमंत्रित सदस्य:  आलेख मलिक, अजय यादव, डी. श्रीनिवास, धर्मेंद्र शाह, लल्लू राव, श्रीमती विजयलक्ष्मी चौहान, मुकेश कुमार। इसके अलावा, 101 कार्यकारिणी सदस्य भी चुने गए।

कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष मंडली ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई दी और सम्मेलन का समापन घोषित किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments