back to top
गुरूवार, फ़रवरी 6, 2025
होमआसपास-प्रदेशसार्वजनिक मैदान पर कब्जे की कोशिश: करियर पब्लिक स्कूल प्रबंधन की मनमानी...

सार्वजनिक मैदान पर कब्जे की कोशिश: करियर पब्लिक स्कूल प्रबंधन की मनमानी से स्थानीय लोग परेशान

कोरबा (पब्लिक फोरम)। शहर के मुड़ापार सुभाष ब्लॉक स्थित करियर पब्लिक स्कूल प्रबंधन द्वारा सार्वजनिक मैदान को अपने खेल के मैदान के रूप में घेरने की कोशिशों ने स्थानीय निवासियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। यह मैदान, जो क्षेत्र के लोगों के आने-जाने और उपयोग का हिस्सा है, अब स्कूल प्रबंधन की मनमानी का शिकार हो रहा है।

क्या है कहानी? क्यों हो रहा विवाद?
मुडापार रोड से हेलीपेड जाने वाला कच्चा रास्ता, जो कई बड़े आवासीय इलाकों से होकर गुजरता है, क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इस रास्ते को पक्का करने के लिए आवेदन किया जा चुका है, लेकिन स्कूल प्रबंधन का अड़ियल रवैया इस प्रक्रिया में बाधा बनता दिख रहा है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, स्कूल प्रबंधन न केवल अपनी जमीन बल्कि पूरे सार्वजनिक मैदान पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। स्कूल की बसों को मार्ग में आड़े-तिरछे खड़ा कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में गंभीर परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।
स्कूल बसें सड़क के बीचों-बीच खड़ी रहती हैं, और ड्राइवर अक्सर नदारद पाए जाते हैं। शिकायतों के बावजूद स्कूल प्रबंधन का रवैया नहीं बदला है। यदि बसें खड़ी न हों, तो बच्चों को खुले मैदान में खेलने के लिए छोड़ दिया जाता है, जो उनकी सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है।

यहां तक कि मोटी फीस वसूलने वाले इस स्कूल में बच्चों के लिए सुरक्षित खेल मैदान उपलब्ध कराने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। बाउंड्रीवाल बनाने की क्षमता होने के बावजूद, स्कूल प्रबंधन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। यह न केवल स्कूल प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि बच्चों के माता-पिता के लिए भी गंभीर चिंता का विषय बनता है।

स्थानीय निवासियों की मुश्किलें
स्कूल प्रबंधन का रवैया आसपास के लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। वे पहले भी इस मुद्दे पर शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि खेलते समय कोई बच्चा किसी वाहन की चपेट में आ जाए, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन होगा?

इस पूरे विवाद में प्रशासन और स्कूल प्रबंधन दोनों की जवाबदेही तय करना जरूरी है। सार्वजनिक मैदान और मार्ग का उपयोग क्षेत्र के लोगों का अधिकार है। ऐसे में स्कूल को चाहिए कि वह अपनी सीमा में बच्चों के लिए सुरक्षित खेल का मैदान बनाए और सार्वजनिक स्थानों का अवैध उपयोग बंद करे।
करियर पब्लिक स्कूल प्रबंधन की यह मनमानी न केवल स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का सबब है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रही है। प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर क्षेत्रवासियों और बच्चों के हित में संतुलित और न्यायसंगत समाधान निकालना चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments