back to top
रविवार, फ़रवरी 15, 2026
होमआसपास-प्रदेशकिसानों को होली से पहले अंतरित की जाएगी 10 हजार करोड़ रुपये...

किसानों को होली से पहले अंतरित की जाएगी 10 हजार करोड़ रुपये की राशि सामुदायिक भवन विस्तार के लिए 50 लाख रुपये की घोषणा

समाज के संगठित और जागरूक होने से विकास को मिलती है मजबूती: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री महाशिवरात्रि पर्व पर कोसमनारा धाम में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में हुए शामिल
भक्त माता कर्मा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
रायगढ़(पब्लिक फोरम)। 15 फरवरी 2026/ महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 सत्यनारायण बाबा जी एवं भक्त माता कर्मा-कृष्ण मंदिर के स्थापना दिवस एवं शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने भक्त माता कर्मा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
      कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 फरवरी 1998 से पूज्य सत्यनारायण बाबा खुले आसमान के नीचे निरंतर तपस्या में लीन हैं। तीनों ऋतुओं में 28 वर्षों से अधिक समय तक साधना करना अद्वितीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह धाम सामाजिक समरसता, आस्था और भाईचारे का सशक्त प्रतीक बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा जी के आशीर्वाद से उन्हें चार बार सांसद रहने का अवसर मिला और आज मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व निभाने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने कामना की कि बाबा भोलेनाथ और बाबा सत्यनारायण का आशीर्वाद प्रदेशवासियों पर निरंतर बना रहे।
       मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज जब संगठित और जागरूक होता है तो विकास को मजबूती मिलती है। साहू समाज को शिक्षित, समर्पित और संगठित समाज बताते हुए उन्होंने कहा कि यह समाज प्रदेश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विकसित राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। समारोह में त्रिभुवन साहू, भरत लाल साहू, कपिल नाथ, अरुणा साहू, मनोज साहू एवं वेदराम साहू को समाज कल्याण में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कोरबा जिला साहू संघ की पत्रिका तथा बाबा सत्यनारायण चालीसा का विमोचन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले 25 लाख से अधिक किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली पर्व से पूर्व एकमुश्त प्रदान की जाएगी। लगभग 10,000 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अन्नदाता भाइयों-बहनों की समृद्धि ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कोसमनारा में कर्मा साहू सामुदायिक भवन के ऊपर अतिरिक्त निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने श्री रामलला दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेशवासियों को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन तथा देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर मिल रहा है।
         उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साहू समाज की एकजुटता विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कोसमनारा धाम के विकास हेतु लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने बिलासपुर संभाग के सात जिलों के नव निर्वाचित जिला साहू संघ के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
         कार्यक्रम में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, कसडोल विधायक श्री संदीप साहू, जैजैपुर विधायक श्री बालेश्वर साहू, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, पूर्व सांसद श्री लखनलाल साहू, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, 111श्री डिग्रीलाल साहू सहित बिलासपुर संभाग के सात जिलों के नव निर्वाचित पदाधिकारी, बाबा सत्यनारायण की माता हंसमती देवी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में साहू समाज के लोग और श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। प्रशानिक अधिकारियों में संभागायुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में कर्मा मंदिर संचालन समिति द्वारा मुख्यमंत्री एवं अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments