होमआसपास-प्रदेशएबीवीटीपीएस मड़वा के अधीक्षण अभियंता अमिताभ शुक्ला हुए सेवानिवृत्त: पाॅवर कंपनी परिवार...

एबीवीटीपीएस मड़वा के अधीक्षण अभियंता अमिताभ शुक्ला हुए सेवानिवृत्त: पाॅवर कंपनी परिवार ने आंखों में नमी और दिल में कृतज्ञता के साथ कहा – अलविदा

जांजगीर (पब्लिक फोरम)। कुछ लोग नौकरी करते हैं, कुछ लोग समर्पण करते हैं। अधीक्षण अभियंता अमिताभ शुक्ला उन्हीं में से एक हैं – जिन्होंने 41 साल 4 माह 26 दिन तक विद्युत मंडल और छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर जनरेशन कंपनी की सेवा में अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। मार्च माह में जब वे अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस) मड़वा, जांजगीर-चांपा से सेवानिवृत्त हुए, तो पूरे पाॅवर कंपनी परिवार ने उन्हें एक भावपूर्ण और गरिमामयी विदाई दी।

संस्था के कॉन्फ्रेंस हाल में आयोजित विदाई समारोह में कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अभियंता एचएन. कोसरिया ने की। उन्होंने अमिताभ शुक्ला के कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए पाॅवर कंपनी की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। मुख्य अभियंता के हाथों उन्हें स्मृति चिह्न एवं सेवा प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आरएल. ध्रुव, एसडी. द्विवेदी और एन. लकरा की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। सभी अतिथियों ने सेवानिवृत्त अधिकारी को स्वस्थ, सुखी और आनंदमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।

अमिताभ शुक्ला की यात्रा किसी प्रेरणा से कम नहीं। 07 नवंबर 1984 को कोरबा पूर्व में टेक्निकल अप्रेंटिस के रूप में अपनी सेवा की शुरुआत करने वाले शुक्ला ने अपने दम पर वह मुकाम हासिल किया, जो लगन, परिश्रम और निष्ठा की मिसाल है। इस अवसर पर उन्होंने अपने चार दशक से अधिक के कार्यकाल के अनुभव और यादें सहयोगियों के साथ साझा कीं।

कार्यक्रम का कुशल संचालन कल्याण अधिकारी आरएस. टेकाम ने किया, जिन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारी का संक्षिप्त परंतु प्रेरक जीवन परिचय प्रस्तुत किया। समारोह में अधीक्षण अभियंता क्रिस्टोफर एक्का, धमेंद्र बंजारे, आरके. नायक, एसके. तारेंद्र, जेके. गायकवाड़, वायके. पाटिये, मुख्य रसायनज्ञ उत्तम चंद्रवंशी एवं अभय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

जब अमिताभ शुक्ला विदा हुए, तो वह क्षण सिर्फ एक अधिकारी की सेवानिवृत्ति नहीं था – वह था एक युग का सम्मानपूर्वक समापन, जिसे एबीवीटीपीएस मड़वा का पूरा परिवार लंबे समय तक याद रखेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments