रसोइयों को सरकारी कर्मचारी घोषित करना होगा: सरोज चौबे
पटना (पब्लिक फोरम)। बिहार राज्य विद्यालय रसोईया संघ, ऐक्टू व अन्य रसोईया संगठनों के संयुक्त तत्वाधान में, रसोईया कर्मियों को सरकारी कर्मचारी घोषित करने, मानदेय 21 हजार रूपए करने व बारहों महीने का मानदेय देने सहित कई महत्वपूर्ण मांगों को लेकर बिहार के सभी जिलों से आए हजारों रसोईया ने बिहार विधानसभा का घेराव व धरना-प्रदर्शन किया।
धरना, प्रदर्शन आंदोलन का नेतृत्व करते हुए बिहार राज्य विद्यालय रसोइयां संघ के महासचिव सरोज चौबे ने कहा कि बिहार में रसोइयों को महज 1650 रूपया मानदेय के रूप में मिलता है। जबकि अन्य राज्य झारखंड व उत्तर प्रदेश में 2000 रूपए प्रतिमाह मानदेय मिलता है। विद्यालयों में रसोइयों को अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ता है। काम से बार-बार निकाल देने की धमकी दी जाती है। 09 बजे से 04 बजे तक लगातार काम करना पड़ता है फिर भी उन्हें पार्ट टाइम वर्कर कहा जाता है।

महासचिव सरोज चौबे ने कहा कि जबसे केन्द्र में भाजपा सरकार आई है, रसोइयों का एक पैसा भी मानदेय नहीं बढ़ा है। ऊपर से कोरोना काल का फायदा उठाकर मध्यान्ह भोजन योजना का नाम बदलकर प्रधानमंत्री पोषण योजना कर दिया गया और उसकी समय सीमा महज 05 साल के लिए सीमीत कर दी गई। जबकि मध्यान्ह भोजन योजना नियमित चलनेवाली योजना थी। कोरोना काल में कोरेन्टाइन सेंटरों में काम करने वाली रसोइयों को न तो मेहनताना दिया गया और न ही मृत रसोइयों को कोई मुआवजा ही दिया गया।

रसोइयों के विधानसभा का प्रदर्शन आंदोलन को संबोधित करते हुए आल इंडिया स्कीम वर्कर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय संयोजक शशि यादव ने कहा कि बढ़ी हुई मंहगाई में और घटते रोजगार की स्थिति में रसोइयों के परिवार की स्थिति खस्ताहाल है। श्रम कानूनों को बदलकर कोड बनाए जाने पर रसोइयों की हालत और खराब हो गई है। वे न मजदूर हैं न श्रमिक। उन्हें मानदेय मिलता है जो बिल्कुल असम्मान जनक है।
धरना प्रदर्शन आंदोलन को संबोधित करते हुए ऐपवा की राष्टीय महासचिव मीना तिवारी ने कहा कि बिहार सरकार भी मध्यान्ह भोजन योजना को पहले तो कुछ जिलों में एनजीओ को सौंप दी और अब जीविका के जरिए भोजन बनवाने का प्लान बना रही है। लगभग 20 साल से काम कर रहे रसोइयों के रोजगार पर भविष्य में संकट मंडरा रहा है। अगर रसोइयों के मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और तेज किया जाएगा।

आज के आंदोलन के बिहार विधानसभा के घेराव प्रदर्शन कार्यक्रम को अध्यक्ष मण्डल सोहिला गुप्ता बिहार राज्य विद्यालय रसोईया संघ, ऐक्टू, ओमप्रकाश क्रांति, ऐटक, आर के दत्ता भाकपा-माले विधायक दल के नेता कामरेड महबूब आलम, फुलवारी के विधायक गोपाल रविदास, जीरादेई के विधायक अमरजीत कुशवाहा, अगियांव के विधायक मनोज मंजिल , ऐक्टू के महासचिव आर.एन. ठाकुर, डाक्टर रमाकांत अकेला, रसोईया विभा भारती, पूनम देवी, कुन्ती देवी, दिनेश कुशवाहा, परशुराम पाठक आदि ने भी संबोधित किया।
Recent Comments