back to top
मंगलवार, जनवरी 27, 2026
होमआसपास-प्रदेशअग्निवीर भर्ती रैली: युवक की मौत, सिकल सेल एनीमिया बना कारण, परिजनों...

अग्निवीर भर्ती रैली: युवक की मौत, सिकल सेल एनीमिया बना कारण, परिजनों को मिली आर्थिक सहायता

रायगढ़ (पब्लिक फोरम)। अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान रायगढ़ के बोईरदादर स्टेडियम में एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जिसने न केवल प्रतिभागियों और आयोजकों बल्कि पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया। 20 वर्षीय मनोज कुमार साहू, ग्राम खोरपा, तहसील अभनपुर, जिला रायपुर का निवासी, 9 दिसंबर 2024 को अग्निवीर भर्ती के 1600 मीटर दौड़ चरण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अचानक मैदान में गिर पड़ा।

मनोज कुमार ने दौड़ पूरी करने के बाद, बायोमेट्रिक प्रक्रिया से ठीक पहले, अचानक मैदान पर गिरकर बेहोशी की हालत में चला गया। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों ने जांच के बाद पाया कि मनोज की ऑक्सीजन सेचुरेशन (एसपी02) स्तर लगातार गिर रहा था और उसे सांस लेने में अत्यधिक कठिनाई हो रही थी। स्थिति गंभीर देखकर उसे मेडिकल ऑक्सीजन प्रदान करते हुए जिला चिकित्सालय रायगढ़ भेजा गया।

रायगढ़ जिला चिकित्सालय में बेहोशी की हालत में पहुंचने के बाद मनोज को स्थिर किया गया और तुरंत रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पूरी कोशिश की, लेकिन 9 दिसंबर की रात 11:35 बजे मनोज ने अंतिम सांस ली।

सिकल सेल एनीमिया निकला मौत का कारण

चिकित्सकों और परिजनों ने पुष्टि की कि मनोज पहले से ही सिकल सेल एनीमिया जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित था। दौड़ और भर्ती प्रक्रिया के शारीरिक दबाव के कारण उसकी हालत और बिगड़ गई, जो उसकी मृत्यु का मुख्य कारण बनी।

10 दिसंबर की सुबह, रायगढ़ मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञों की देखरेख में पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद प्रशासन ने शव को परिजनों को सौंप दिया। तहसीलदार और जनपद सीईओ की उपस्थिति में शव को उसके गृह ग्राम खोरपा भेजा गया।
मनोज के परिवार को जिला प्रशासन द्वारा अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही, मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 10 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि दी जाएगी।

यह घटना न केवल अग्निवीर भर्ती में शामिल युवाओं बल्कि पूरे समाज के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश देती है। ऐसे भर्ती कार्यक्रमों में शामिल होने से पहले स्वास्थ्य जांच कराना और अपनी शारीरिक स्थिति को समझना अत्यंत आवश्यक है। सिकल सेल जैसी बीमारियों की जागरूकता और उनका समय पर इलाज भी बहुत जरूरी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments