होमआसपास-प्रदेशनेशनल इनोवेशन चैलेंज 2026 में नवाचार के लिए मिलेगा 10 लाख रुपए...

नेशनल इनोवेशन चैलेंज 2026 में नवाचार के लिए मिलेगा 10 लाख रुपए तक का पुरस्कार


सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं और नागरिकों को नवाचार का अवसर, 17 अक्टूबर तक करें आवेदन
कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए विचारों को मिलेगा प्रोत्साहन
रायगढ़(पब्लिक फोरम)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत युवाओं, विद्यार्थियों, उद्यमियों एवं आम नागरिकों को नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नेशनल इनोवेशन चैलेंज 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से प्रतिभागी कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत कर सकते हैं। चयनित नवाचारों के क्रियान्वयन के लिए 10 लाख रुपए तक का पुरस्कार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
नेशनल इनोवेशन चैलेंज 2026 में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, व्यक्तिगत नवाचारकर्ता, आम नागरिक, स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), कंपनियां, शोधकर्ता, शिक्षक और शैक्षणिक संस्थान भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी व्यक्तिगत अथवा टीम के रूप में आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित पात्रता के अनुसार संबंधित राज्य का निवास प्रमाण प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।
इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट  sevainnovationchallenge.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। आवेदन के लिए मोबाइल नंबर एवं ई-मेल का ओटीपी के माध्यम से सत्यापन, प्रोफाइल पूर्ण करने और आधार सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद निर्धारित प्रारूप में संबंधित समस्या, नवाचारपूर्ण विचार और प्रस्तावित समाधान का विवरण भरना होगा। साथ ही आधिकारिक पावरपॉइंट (पीपीटी) प्रारूप में तैयार प्रस्तुति भी अपलोड करनी होगी। इस चैलेंज के अंतर्गत कृषि, गृह एवं कानून, महिला एवं बाल विकास, नगरीय विकास, रक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, उभरती प्रौद्योगिकी, विज्ञान तथा शिक्षा एवं रोजगार जैसे क्षेत्रों में नवाचार प्रस्तुत किए जा सकते हैं। प्रतिभागियों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध क्षेत्रवार सूची, पात्रता संबंधी शर्तों और दिशा-निर्देशों का अवलोकन करना होगा।
नेशनल इनोवेशन चैलेंज 2026 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को महाराष्ट्र जोन में शामिल किया गया है। इस जोन में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, दमन एवं दीव तथा गोवा सम्मिलित हैं। इस जोन के अंतर्गत 10 क्षेत्रों के लिए कुल संभावित पुरस्कार आवंटन 5 करोड़ रुपए बताया गया है। पुरस्कार के लिए नवाचारों का चयन तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन तथा निर्धारित पात्रता और शर्तों की पूर्ति के आधार पर किया जाएगा।
योजना से संबंधित आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं अन्य दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त इच्छुक प्रतिभागी मुख्य महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, पहाड़ मंदिर रोड रायगढ़ के कार्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान संपर्क कर सकते हैं। जिले के विद्यार्थियों, युवाओं, उद्यमियों, शोधकर्ताओं एवं नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने अभिनव विचारों के माध्यम से सामाजिक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करें तथा नेशनल इनोवेशन चौलेंज 2026 में सक्रिय भागीदारी निभाकर रायगढ़ जिले में नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा दें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments