होमआसपास-प्रदेशएकलव्य विद्यालयों में पेयजल सुविधा के साथ धरमजयगढ़ क्षेत्र के मरीजों को...

एकलव्य विद्यालयों में पेयजल सुविधा के साथ धरमजयगढ़ क्षेत्र के मरीजों को मिलेगी रायगढ़ तक निःशुल्क बस सेवा


डीएमएफ से 1.48 करोड़ के तीन विकास कार्यों को मिली प्रशासकीय स्वीकृति
रायगढ़(पब्लिक फोरम) । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सहित रायगढ़ जिले में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बिजली, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है। इसी क्रम में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से जिला प्रशासन द्वारा खनन प्रभावित क्षेत्रों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से 1 करोड़ 48 लाख 3 हजार रुपये की लागत वाले तीन महत्वपूर्ण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें दो एकलव्य आवासीय विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था तथा धरमजयगढ़ क्षेत्र के मरीजों के लिए रायगढ़ तक निःशुल्क बस सेवा शामिल है।
लैलूंगा विकासखण्ड के ग्राम हीरापुर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पेयजल व्यवस्था के लिए 42 लाख 38 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत नलकूप खनन, 3 एचपी सबमर्सिबल पंप, पंपिंग मेन, 30 केएल सम्पवेल टंकी, स्विच रूम सहित आवश्यक विद्युत कार्य किए जाएंगे। इससे विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर और निर्बाध पेयजल सुविधा मिल सकेगी। वहीं धरमजयगढ़ विकासखण्ड के ग्राम सिसरिंगा स्थित एकलव्य स्कूल एवं छात्रावास में पेयजल आपूर्ति के लिए 40 लाख 90 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। यहां नलकूप खनन, सबमर्सिबल पंप, सम्पवेल, एचडीपीई पानी टंकी एवं पाइपलाइन विस्तार का कार्य किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों और छात्रावास में रहने वाले बच्चों को पेयजल की सुविधा मिलेगी।
धरमजयगढ़ क्षेत्र के मरीजों और उनके परिजनों को जिला स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान बनाने के लिए 64 लाख 75 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कापू से जिला चिकित्सालय रायगढ़ एवं मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मेकाहारा) रायगढ़ तक निःशुल्क आवागमन के लिए बस क्रय की जाएगी। साथ ही आवश्यक मानव संसाधन के मानदेय एवं वाहन के रख-रखाव की व्यवस्था भी की जाएगी। डीएमएफ से स्वीकृत इन कार्यों का सीधा लाभ खनन प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों, मरीजों और ग्रामीण परिवारों को मिलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments