खरसिया (पब्लिक फोरम) । गर्ग परिवार (बहु झोलरी) द्वारा श्रीमद् भागवत सप्ताह कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के तृतीय दिवस आचार्य मृदुल कृष्ण महाराज ने कहा – प्रार्थना एक ऐसी संस्तुति है जो अपने इष्ट के प्रति बिना किसी देरी के, बिना किसी सहारे के तत्क्षण परमात्मा के पास पहुँच जाती है।
उन्होंने बताया कि संसार की किसी वस्तु को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजने के लिये पोस्टमैन की आवश्यकता पड़ती है, लेकिन हृदय से समर्पित की गई प्रार्थना एक ऐसी अभिव्यक्ति है जो बिना किसी पोस्टमैन के ही तत्क्षण गंतव्य तक पहुंच जाती है।
परम भक्त ध्रुव जी के चरित्र पर व्याख्यान देते हुए उन्होंने कहा कि मात्र पांच वर्ष की अवस्था में ध्रुव को दर्शन देकर भगवान ने अखंड राज्य प्रदान किया और उनके लिये ध्रुव लोक का निर्माण कर दिया।
आचार्य श्री ने कहा कि प्रभु के दर्शन के लिये व्यक्ति को सत्संग, सेवा और सुमिरन में हमेशा लीन रहना चाहिये। और अपने को मानव बनाने का प्रयत्न करो, तुम यदि इसमें सफल हो गये तो तुम्हें इस कार्य में सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होगी। कुसंगति की अपेक्षा अकेले रहना सबसे उत्तम है।
कल की कथा में विशेष महोत्सव के रूप में श्रीकृष्ण जन्म (नन्दोत्सव) विशेष धूमधाम से मनाया जायेगा। आप सभी कथा प्रेमी भक्त सपरिवार सादर आमंत्रित हैं।






Recent Comments