होमआसपास-प्रदेशकलेक्टर कुणाल दुदावत ने पोड़ी उपरोड़ा के वनांचल में विकास कार्यों का...

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पोड़ी उपरोड़ा के वनांचल में विकास कार्यों का लिया जायजा, अफसरों की लगाई क्लास

कोरबा (पब्लिक फोरम)| कोरबा जिले के सुदूर और वनांचल क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन पूरी तरह से हरकत में आ गया है। कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के विभिन्न गांवों का मैदानी निरीक्षण किया। जमीनी हकीकत जानने पहुंचे कलेक्टर ने साफ शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और सभी अधूरे काम तय समय-सीमा के भीतर पूरे करने होंगे।

अपने इस आकस्मिक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आदिवासी विकास और महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सौ सीटर बालक आश्रम, लमना के हायर सेकेंडरी स्कूल, समेलीभांठा के प्राथमिक शाला एवं आंगनबाड़ी भवन और तानाखार के पीडीएस भवन का जायजा लिया। काम में ढिलाई और सुस्ती देखकर कलेक्टर ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी और साफ कहा कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सौ सीटर बालक आश्रम के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित एसडीओ और सब इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि काम में अतिरिक्त मजदूर लगाकर अगले तीन महीनों में निर्माण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। इसी तरह लमना स्कूल और समेलीभांठा आंगनबाड़ी में लीकेज तथा सीपेज की मरम्मत कराने, टाइल्स लगाने और प्रयोगशाला भवन निर्माण का नया प्रस्ताव जल्द भेजने को कहा।

तानाखार के मांझीपारा आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर का एक संवेदनशील रूप भी देखने को मिला। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, ग्रोथ चार्ट, पोषण आहार और गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले रेडी टू ईट की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से कहा कि बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों को बढ़ाएं।

कलेक्टर की इस कड़ी कार्यशैली से इतना तो साफ है कि अब सुदूर इलाकों में विकास योजनाओं में लेत-लतीफी नहीं चलेगी। इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन और पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज बंजारे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनता को सुविधाएं समय पर मिलें, इसके लिए प्रशासन अब पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है।

अपने क्षेत्र के इन विकास कार्यों पर आपकी क्या राय है। क्या आपको लगता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही समय पर गांव-गांव तक पहुंच रहा है। आप अपने अनुभव, सुझाव और विचार हमें ईमेल आईडी 750publicforum@gmail.com पर भेज सकते हैं। हम आपकी आवाज़ को प्रमुखता से उठाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments