होमआसपास-प्रदेशआईटीआई खरसिया में रिक्त सीटों पर प्रवेश का सुनहरा अवसर, चौथे से...

आईटीआई खरसिया में रिक्त सीटों पर प्रवेश का सुनहरा अवसर, चौथे से छठे चरण की काउंसिलिंग शुरू 24 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे अभ्यर्थी


रायगढ़(पब्लिक फोरम)। 17 जुलाई 2026/ संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण, नवा रायपुर द्वारा चतुर्थ से षष्ठम चरण की काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके तहत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) खरसिया, जिला रायगढ़ में सत्र 2026-27 एवं 2026-28 के लिए विभिन्न व्यवसायों में रिक्त सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 24 जुलाई 2026 की रात्रि 11.59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संस्था में विद्युतकार ट्रेड में 1 सीट, फिटर में 10 सीट, सेविंग टेक्नोलॉजी में 15 सीट, वेल्डर में 26 सीट तथा कोपा में 9 सीटें रिक्त हैं। तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए यह प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के बेहतर अवसर हासिल करने का अच्छा मौका है। अभ्यर्थी वेबसाइट  cgiti.admission.nic.in   पर जाकर स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा वे अपने निकटतम चॉइस सेंटर के माध्यम से भी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को 10वीं की अंकसूची, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, स्थानांतरण प्रमाण पत्र तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो की छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी। आवेदन करने से पूर्व अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है।
वहीं पूर्व में आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को अगले चरण में शामिल होने के लिए अपने लॉगिन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से पोर्टल में लॉगिन कर संबंधित विकल्प का चयन करना होगा। आवश्यक शुल्क का भुगतान कर वे अपनी पसंद के ट्रेड अथवा संस्थान में परिवर्तन भी कर सकेंगे। संस्था प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यदि पहले से प्रवेश प्राप्त कोई अभ्यर्थी वर्तमान चरण में भाग लेता है और आगामी चरणों में उसे किसी अन्य सीट का आवंटन होता है, तो उसकी पूर्व में आवंटित सीट स्वतः निरस्त हो जाएगी। संपूर्ण प्रवेश प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित काउंसिलिंग कार्ययोजना एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार संपादित की जाएगी। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था खरसिया के प्राचार्य ने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि में आवेदन करने तथा अधिक जानकारी के लिए संस्था अथवा वेबसाइट पर उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments