कोरबा (पब्लिक फोरम)। कोरबा नगरीय क्षेत्र स्थित लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में मंत्री के साथ महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

योग को जीवनशैली बनाने का आह्वान
अपने संबोधन में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर है, जिसने आज पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन का संदेश पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, चिंता और जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग एक प्रभावी विकल्प के रूप में सामने आया है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की समग्र पद्धति है, जो शरीर, मन और बुद्धि के संतुलित विकास में सहायक है। मंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
उन्होंने नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए भी लोगों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया तथा विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने की बात कही।

स्वस्थ जीवन के लिए योग आवश्यक: महापौर
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में स्वास्थ्य संबंधी अनेक चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे समय में योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और व्यक्ति कई प्रकार की बीमारियों से बचाव कर सकता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में योग को स्थान देना चाहिए।

शारीरिक और मानसिक दक्षता बढ़ाता है योग: कलेक्टर
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में योग का विशेष महत्व रहा है। उनके अनुसार योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं बल्कि शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने की प्रक्रिया है।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक दक्षता में वृद्धि होती है और व्यक्ति अधिक स्वस्थ तथा सक्रिय जीवन जी सकता है। कलेक्टर ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग के लिए समय निकालने की अपील की।

योग शिक्षकों के मार्गदर्शन में हुआ अभ्यास
कार्यक्रम के दौरान योग शिक्षक रामेश्वर प्रसाद पांडे ने उपस्थित लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया और नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, पवनमुक्तासन, हलासन, शवासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और अन्य प्राणायामों का सामूहिक अभ्यास किया।
सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, नियमित योग और जन-जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नियमित योग करने, स्वस्थ जीवन अपनाने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ भी दिलाई गई।





Recent Comments