होमआसपास-प्रदेशआदिवासी शक्तिपीठ को रोजगारोन्मुखी और युवा केंद्रित बनाने का संकल्प - कोरबा...

आदिवासी शक्तिपीठ को रोजगारोन्मुखी और युवा केंद्रित बनाने का संकल्प – कोरबा में सदस्यता अभियान को लेकर हुई अहम बैठक

कोरबा (पब्लिक फोरम)। विश्व के प्रथम आदिवासी शक्तिपीठ की सदस्यता अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 22 मई 2026 की शाम भंवर सिंह पोर्ते स्कूल, दर्री में एक महत्त्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। शाम सात बजे से शुरू हुई इस बैठक में शक्तिपीठ के पदाधिकारी और सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता आदिवासी शक्तिपीठ कोरबा के संस्थापक एवं संरक्षक “आर.एस. मार्को” ने की। अपने उद्बोधन में उन्होंने सदस्यता अभियान के महत्त्व को रेखांकित करते हुए कहा कि शक्तिपीठ को केवल एक संगठन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की चेतना का केंद्र बनाना है। उन्होंने समाज से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया और इस बात पर विशेष बल दिया कि शक्तिपीठ को “रोजगारोन्मुखी और युवा केंद्रित” स्वरूप देना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

बैठक में शंभू शक्ति सेना के प्रथम सदस्य हीरा सिंह सिदार तथा HTPP दर्री के सक्रिय सदस्यों ने मणिपुर के गंभीर हालातों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे संकटपूर्ण समय में आदिवासी समाज का संगठित, सशक्त और जागरूक रहना अनिवार्य है। शंभू शक्ति सेना के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ध्रुवे ने भी सांगठनिक एकता पर जोर दिया।

HTPP दर्री के अधिकारियों, कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने ध्वनिमत से संकल्प व्यक्त किया कि वे आदिवासी शक्तिपीठ के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे और सदस्यता अभियान को सफल बनाने में पूरी शक्ति लगाएंगे।

बैठक में लाल सिंह राज, सरजुन राम किंडो, जनता कुमार, बलराम सिंह, वासुदेव राम भगत, शीतल सिंह, सरोज कुमार नेताम, सुनील कुमार मुलेटी, प्रयाग सिंह कंवर, कुमार सिंह कंवर, व्यास सिंह और सुनील बेक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में आर.एस. मार्को ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा एकता और संघर्ष के इस सफर को जारी रखने का आग्रह करते हुए बैठक को विधिवत संपन्न किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments