होमआसपास-प्रदेशमुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरबा के लेमरू में कराया पीएम आवास का...

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरबा के लेमरू में कराया पीएम आवास का गृह प्रवेश, सोलर योजना के लिए भी दी सहायता राशि

लेमरू में मुख्यमंत्री ने पीएम आवास योजना के हितग्राही परिवार से की मुलाकात, सोलर पैनल स्थापना के लिए 60 हजार रुपये की सहायता भी प्रदान की

कोरबा (पब्लिक फोरम)| सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को कोरबा जिले के लेमरू गांव पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही धरम सिंह के नए मकान का उद्घाटन और गृह प्रवेश कराया। लंबे समय तक कच्चे घर में कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजारने वाले इस परिवार के लिए यह पल बेहद खास और भावुक करने वाला रहा। मुख्यमंत्री के आगमन से पूरे गांव में उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने धरम सिंह और उनके परिवार से आत्मीय मुलाकात की तथा नए घर के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आवास का निरीक्षण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर आई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने परिवार के बच्चों से भी बातचीत की और उन्हें अच्छी शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार केवल मकान उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीब परिवारों को बेहतर जीवन के लिए जरूरी सुविधाएं देने पर भी लगातार काम कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के लिए डीएमएफ मद से 60 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा जैसी योजनाएं ग्रामीण परिवारों को आर्थिक राहत देने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनाने में भी मददगार साबित होंगी।

मुख्यमंत्री के स्वागत से धरम सिंह का परिवार भावुक नजर आया। परिवार के सदस्यों ने प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से मिले लाभ के लिए सरकार का आभार जताया। ग्रामीणों ने भी कहा कि अब शासन की योजनाओं का लाभ वास्तव में जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों का भरोसा सरकार पर और मजबूत हुआ है।

कार्यक्रम में उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

लेमरू में आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक गृह प्रवेश समारोह नहीं था, बल्कि यह उन परिवारों के सपनों के साकार होने का प्रतीक बना, जो वर्षों से पक्के घर और बेहतर जीवन की उम्मीद लगाए बैठे थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments