जिले के विभिन्न खेल मैदानों में बच्चों को अनुभवी प्रशिक्षकों से मिलेगा प्रशिक्षण
कोरबा (पब्लिक फोरम)| गर्मी की छुट्टियों में बच्चों और युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग कोरबा द्वारा 21 दिवसीय निःशुल्क ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार यह शिविर 20 मई से 10 जून 2026 तक जिले के विभिन्न खेल मैदानों और प्रशिक्षण केंद्रों में संचालित होगा।
हर वर्ष की तरह इस बार भी जिले के विभिन्न खेल संघों के सहयोग से आयोजित किए जा रहे इस प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को खेलों की बारीकियों से परिचित कराया जाएगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना विकसित करना, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम कोरबा में फुटबॉल, व्हॉलीबॉल, बास्केटबॉल और तैराकी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं हॉकी का प्रशिक्षण डांडिया ग्राउंड बाल्को में प्रशिक्षक गोपाल दास महंत द्वारा संचालित किया जाएगा। एसईसीएल कोरबा में सुशील गर्ग द्वारा व्हॉलीबॉल प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि बांकीमोंगरा में संजय विश्वास बच्चों को फुटबॉल की ट्रेनिंग देंगे।
किक बॉक्सिंग का प्रशिक्षण सीएमए एकेडमी डी.डी.एम. रोड और एसईसीएल कोरबा में प्रशिक्षक तारकेश मिश्रा द्वारा दिया जाएगा। ताइक्वांडो की ट्रेनिंग एनटीपीसी खेल मैदान, एसीबी दर्री और सीएमए एकेडमी में अनिल द्विवेदी और लोकेश राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित होगी। वहीं तीरंदाजी का प्रशिक्षण एसईसीएल खेल मैदान में सेद कुमार यादव द्वारा प्रदान किया जाएगा।
खो-खो का प्रशिक्षण विद्युत गृह शंकर सुवन गोपाल और शासकीय माध्यमिक शाला चैनपुर करतला में पी. मिंज द्वारा दिया जाएगा। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम बाल्को में कबड्डी और क्रिकेट का प्रशिक्षण रविदास मानिकपुरी द्वारा संचालित किया जाएगा। सामुदायिक भवन आदर्श नगर कुसमुंडा में सुरेश जायसवाल टेबल टेनिस का प्रशिक्षण देंगे।
जूडो, म्यूथाई और कलरिपयट्टू का प्रशिक्षण आदर्श नगर कुसमुंडा और सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल दीपका में कमलेश देवांगन द्वारा दिया जाएगा। वहीं ड्रैगन मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण अजीत शर्मा के निर्देशन में आयोजित होगा। बेसबॉल की ट्रेनिंग नेहा जायसवाल द्वारा दी जाएगी।
इसके अलावा क्रिकेट का प्रशिक्षण एसईसीएल कोरबा, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कटघोरा और शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंघिया पोंड़ी-उपरोड़ा में विशाल दुबे द्वारा संचालित किया जाएगा। मल्लखंभ का प्रशिक्षण सिंघिया पोंड़ी-उपरोड़ा में आयोजित होगा, जबकि रग्बी प्रशिक्षण आईटीआई मैदान पाली में दिया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि सभी खेलों का प्रशिक्षण अनुभवी कोचों और वरिष्ठ खिलाड़ियों की देखरेख में कराया जाएगा। उन्होंने जिले के बच्चों और अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाने की अपील की है।
यह ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर बच्चों के लिए न केवल खेल सीखने का अवसर बनेगा, बल्कि उन्हें फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुणों को विकसित करने में भी मदद करेगा।





Recent Comments