120 गांवों में पहुंचेगा कृषि रथ, किसानों को मिलेगा आधुनिक तकनीकों का ज्ञान
कोरबा (पब्लिक फोरम)| खरीफ सीजन को मजबूत बनाने और किसानों को आधुनिक खेती की ओर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकसित कृषि संकल्प अभियान 2026 की शुरुआत हो गई है। शासन के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान का शुभारंभ जिला पंचायत कोरबा परिसर से किया गया, जहां कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत कोरबा की कृषि स्थायी समिति की सभापति श्रीमती सुषमा कमला अनंत सहित कृषि और संबद्ध विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उप संचालक कृषि देवेन्द्र पाल सिंह कंवर, उप संचालक पशुपालन डॉ. सच्चिदानंद मिश्रा, सहायक संचालक उद्यान पतराम पैकरा, मत्स्य विभाग के सहायक संचालक क्रांति कुमार बघेल सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
अभियान के तहत तैयार किया गया कृषि रथ 05 मई से 20 मई तक जिले के 120 गांवों का दौरा करेगा। इसके लिए 10 टीमों का गठन किया गया है, जो किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगी। कृषि रथ में लिफलेट, पाम्पलेट और कृषि आदान सामग्री जैसे मिनीकिट, डी-कंपोजर और स्प्रेयर सहित अन्य कृषि यंत्र शामिल किए गए हैं।
इस अभियान के माध्यम से किसानों को एग्रीस्टेक, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, पीएम किसान योजना, दलहन और तिलहन फसलों के विस्तार, संतुलित उर्वरक उपयोग और डीएपी के विकल्प के रूप में हरी खाद, जैव उर्वरक और नील हरित काई के उपयोग के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही बीजोपचार की आधुनिक विधियों, डी-कंपोजर बनाने की प्रक्रिया और उन्नत फसल किस्मों की जानकारी भी कृषि वैज्ञानिकों द्वारा साझा की जाएगी।
अभियान के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं और नीतियों के बारे में भी किसानों को विस्तार से बताया जाएगा, ताकि वे इनका लाभ लेकर अपनी आय और उत्पादन बढ़ा सकें।
इस पहल से न केवल किसानों को नई तकनीकों की जानकारी मिलेगी, बल्कि वे आधुनिक और टिकाऊ खेती की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। विकसित कृषि संकल्प अभियान किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जो उन्हें आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में मजबूत कदम साबित होगा।





Recent Comments