12 मई से नामांकन, 20 मई को मतदान और 25 मई को होगा अध्यक्ष व अन्य पदों का चुनाव
कोरबा (पब्लिक फोरम)| कोरबा जिले के विकासखंड पोंड़ीउपरोड़ा स्थित विस्थापित आदिवासी मछुआ सहकारी समिति एतमा बसाहट में संचालक मंडल के चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। समिति के पंजीयन क्रमांक 3506 के तहत चुनाव कार्यक्रम आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया है, जिससे सदस्यों के बीच उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
रिटर्निंग अधिकारी एच. के. चैहान द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया 12 मई 2026 को सुबह 11.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक समिति कार्यालय में पूरी की जाएगी। इस दौरान इच्छुक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे।
चुनाव की अगली महत्वपूर्ण कड़ी 20 मई 2026 को होगी, जब विशेष साधारण सभा के दौरान सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के एक घंटे बाद उसी दिन समिति कार्यालय में मतगणना की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी, जिससे परिणाम जल्द ही सामने आ जाएंगे।
इसके बाद 25 मई 2026 को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य प्रतिनिधियों के चयन की प्रक्रिया सुबह 11.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया समिति कार्यालय में ही संपन्न होगी।
समिति प्रशासन ने सभी सदस्यों से अपील की है कि वे चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करें। विस्तृत जानकारी के लिए समिति के सूचना पटल का अवलोकन करने की सलाह दी गई है।
यह चुनाव न केवल समिति के नेतृत्व का निर्धारण करेगा, बल्कि क्षेत्र के मछुआ समुदाय के विकास और हितों को भी नई दिशा देगा। पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव से उम्मीद है कि योग्य प्रतिनिधि सामने आएंगे और समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।





Recent Comments