रायगढ़(पब्लिक फोरम)। रायगढ़ वनमण्डल अंतर्गत वन परिक्षेत्र रायगढ़ में 16 अप्रैल को ग्राम देलारी में वन्यप्राणी का मांस पकाए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर उप वनमण्डलाधिकारी रायगढ़ द्वारा जारी पत्र के आधार पर संबंधित मकानों की विधिवत तलाशी ली गई।
वन मंडलाधिकारी रायगढ़ वनमंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार तलाशी के दौरान अलग-अलग आरोपियों के घरों से पकाया हुआ वन्यप्राणी मांस बरामद किया गया। इसमें आत्माराम पिता धनीराम के घर से 0.400 किग्रा, हरिशंकर वल्द लक्ष्मीनारायण साव के घर से 1.400 किग्रा तथा तरूण वल्द त्रिनाथों के घर से 0.500 कि.ग्रा. पका हुआ मांस जब्त किया गया। वहीं चौथे आरोपी मोतीराम वल्द बुद्धराम राठिया के घर से प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 1 कि.ग्रा.मांस को पहले ही पकाकर खा लिया गया था, जिसकी पुष्टि उनके बयान से हुई। इस पूरे मामले में वन विभाग द्वारा पीओआर प्रकरण क्रमांक 7541/08 दिनांक 16 अप्रैल 2026 दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वन विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है, ताकि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
ग्राम देलारी में वन्य प्राणी का मांस पकाने का मामला उजागर, चार आरोपी गिरफ्तार
RELATED ARTICLES







Recent Comments