कोरबा (पब्लिक फोरम)। शहर में एक बार फिर रंगमंच की साँसें लौटने वाली हैं। रोटरी क्लब कोरबा और महाराष्ट्र मंडल कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के सुप्रसिद्ध हिंदी नाटक “मैं अनिकेत हूँ” का मंचन कल 21 मार्च 2026, शनिवार की शाम राजीव गांधी ऑडिटोरियम, इंदिरा गांधी स्टेडियम में शाम 7:00 बजे होगा।
इस सांस्कृतिक संध्या की शोभा बढ़ाने के लिए कोरबा की प्रथम नागरिक, नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। उनके साथ नगर के गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी एवं कला प्रेमी भी इस शाम को यादगार बनाने में सहभागी होंगे।

महाराष्ट्र मंडल रायपुर द्वारा प्रस्तुत यह नाटक केवल एक कलात्मक प्रस्तुति नहीं, बल्कि एक सामाजिक संदेश भी है। इसका उद्देश्य कोरबा में रंगमंच की मंद पड़ती धड़कन को फिर से तेज़ करना और युवाओं को इस विधा की ओर प्रेरित करना है।
विशेष बात यह है कि यह एक “चैरिटी शो” है – कार्यक्रम से प्राप्त आय मेधावी किंतु आर्थिक रूप से कमज़ोर विद्यार्थियों की शिक्षा पर व्यय की जाएगी। यानी यहाँ कला और करुणा – दोनों एक साथ मंच पर उतरेंगे।
आयोजन समिति ने समस्त कोरबावासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में इस आयोजन में पधारें और इस सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाएँ।





Recent Comments