बुकिंग, वितरण और भंडारण को लेकर जारी निर्देश, अफवाहों से दूर रहने की अपील
रायगढ़ (पब्लिक फोरम)। जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को घबराने या अनावश्यक रूप से बार-बार बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के गैस उपभोक्ताओं से संयम और जागरूकता के साथ निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।
कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले में वर्तमान समय में 2 लाख 63 हजार 406 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जिनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए गैस कंपनियां लगातार सिलेंडरों की आपूर्ति कर रही हैं। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे निर्धारित समय अंतराल और प्रक्रिया के अनुसार ही रिफिल सिलेंडर की बुकिंग कराएं, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
बुकिंग के लिए निर्धारित अंतराल का रखें ध्यान
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा गैस सिलेंडर रिफिल बुकिंग के लिए न्यूनतम समय अंतराल तय किया गया है। इसके अनुसार नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही अगली बुकिंग की जा सकती है।
प्रशासन ने उपभोक्ताओं से कहा है कि वे अपने क्षेत्र के अनुसार निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद ही बुकिंग कराएं। बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर डीएसी या ओटीपी प्राप्त होता है, जिसके आधार पर वे संबंधित गैस एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं या होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उनके घर तक पहुंचाई जाती है।
मोबाइल ऐप और वेबसाइट से भी कर सकते हैं बुकिंग
यदि किसी कारणवश सामान्य माध्यम से गैस सिलेंडर की बुकिंग में समस्या आती है, तो उपभोक्ता संबंधित कंपनियों के मोबाइल ऐप और वेबसाइट के माध्यम से भी बुकिंग कर सकते हैं।
इसके लिए उपभोक्ता HPCL, Indian Oil Corporation Limited और Bharat Petroleum Corporation Limited के आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड कर आसानी से गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं। प्रशासन ने उपभोक्ताओं को डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया है, ताकि प्रक्रिया अधिक सुगम और पारदर्शी हो सके।
जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाई गई
जिले में एलपीजी की मांग को देखते हुए गैस कंपनियों द्वारा आपूर्ति में वृद्धि की गई है। पहले जहां प्रतिदिन लगभग 3600 घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति होती थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 3800 सिलेंडर प्रतिदिन कर दिया गया है।
कलेक्टर ने बताया कि गैस एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं और कंपनियों द्वारा नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों या दुष्प्रचार से प्रभावित होकर बार-बार ऑनलाइन बुकिंग न करें और केवल आवश्यकता होने पर ही सिलेंडर बुक करें।
व्यवसायिक गैस उपभोक्ताओं के लिए विशेष निर्देश
वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शासन और ऑयल कंपनियों के निर्देशानुसार व्यवसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति अत्यावश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। इसमें अस्पताल और शैक्षणिक संस्थान प्रमुख रूप से शामिल हैं।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि विस्फोटक लाइसेंस के अभाव में किसी भी व्यवसायिक प्रतिष्ठान में अधिकतम 100 किलोग्राम तक ही एलपीजी भंडारण की अनुमति है।
होटल, रेस्टोरेंट, अन्य प्रतिष्ठानों और विवाह समारोह के आयोजकों से प्रशासन ने अपील की है कि गैस की खपत कम करने के लिए भोजन के मेन्यू को सीमित रखें। साथ ही तंदूर के साथ-साथ वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों जैसे डीजल स्टोव, इलेक्ट्रिक इंडक्शन तथा सीमित मात्रा में लकड़ी या गोबर के कंडों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
अवैध भंडारण रोकने के लिए गठित की गई टीमें
घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध संग्रहण और दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। इसके तहत विकासखंड स्तर पर राजस्व और खाद्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं।
ये टीमें लगातार निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई कर रही हैं, ताकि कालाबाजारी और अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
शिकायतों के लिए जिला कंट्रोल रूम स्थापित
उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। घरेलू गैस सिलेंडर से संबंधित किसी भी समस्या, शिकायत या सुझाव के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 07762-319962 पर संपर्क कर सकते हैं।





Recent Comments