कोरबा (पब्लिक फोरम)। घरेलू और व्यवसायिक एलपीजी गैस सिलेंडरों की कीमतों में हाल ही में हुई वृद्धि के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा के नेतृत्व में मंगलवार को टीपी नगर चौक के पास जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कैंडल मार्च निकाला और भाजपा का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर महंगाई बढ़ाने और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए एलपीजी सिलेंडर की बढ़ी कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की वृद्धि ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी का सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ेगा, जिनके लिए पहले से ही बढ़ती महंगाई के बीच घर चलाना मुश्किल हो गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने बढ़ती महंगाई के लिए केंद्र की मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। आज लगभग हर घर की रसोई गैस सिलेंडर पर निर्भर हो चुकी है, लेकिन कीमतों में लगातार वृद्धि से गृहिणियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि एक ओर देश की आम जनता बेरोजगारी की मार झेल रही है, वहीं दूसरी ओर खाद्य सामग्री, ईंधन और गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इससे आम परिवारों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ रहा है।
पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में एक साथ 60 रुपये की वृद्धि ने देश भर के रसोईघर का स्वाद फीका कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी का असर केवल घरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि होटल और रेस्टोरेंट में भी नाश्ता और भोजन की कीमतों में वृद्धि देखने को मिलेगी।

कोरबा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पालुराम साहू ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के पास ईंधन सुरक्षा को लेकर कोई ठोस और प्रभावी योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना किसी तैयारी के एलपीजी गैस की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है, जिसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन करने को मजबूर होगी।
जमनीपाली दर्री ब्लॉक अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी ने दुर्ग जिले के समोदा गांव में कथित अफीम खेती के मामले को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े एक नेता द्वारा लगभग 300 एकड़ भूमि में अफीम की खेती की जा रही है, जिसमें से करीब 150 एकड़ भूमि सरकारी बताई जा रही है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बालको ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी ने कहा कि भाजपा शासन में अवैध नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशीले पदार्थ खुलेआम गली-मोहल्लों में बिक रहे हैं और युवाओं तथा स्कूली बच्चों तक भी पहुंच रहे हैं, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
सीतामणी मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा ने चुनाव के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर 500 रुपये में देने का वादा किया था। लेकिन सत्ता में आए दो साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोगों को 1000 रुपये से अधिक कीमत में सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) प्रभासिंह तंवर, पूर्व जिला अध्यक्ष सपना चौहान, पीसीसी सचिव विकास सिंह, बांकीमांगरा नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन, संतोष कुमार देवांगन, पार्षद रवि चंदेल, पूर्व पार्षद सनीष कुमार, रोपा तिर्की, मस्तुल कंवर, अविनाश बंजारे, टीपी नगर मंडल अध्यक्ष जवाहर निर्मलकर, गिरधारी बरेठ, मनहरण राठौर (इंटक) सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर कुंजबिहारी साहु, मुन्ना खान, जगन्नाथ थवाईत, राजेश श्रीवास, शशि अग्रवाल, लक्ष्मी महंत, क्रांति सोनी, नफीसा हुसैन, मीरा अग्रवाल, सीमा उपाध्याय, गीता महंत, जमुना राठौर, माधुरी ध्रुव, मीरा सिंह, रामकुमार, आकाश प्रजापति, अवधेश लाठिया, अनिल कुमार, संजू अग्रवाल, त्रिवेणी मिरी, जे.पी. नामदेव, शशिराज, अमित पन्ना, दिलेश्वर आदिले, अमरनाथ कैवर्त, रमेश वर्मा, राजेश यादव, एकनाथ बंजारे, विवेक श्रीवास, अश्वनी पटेल, अमित सिंह, मीनिकेत, रविश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्याम सुंदर सोनी ने किया, जबकि अंत में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।





Recent Comments