होमआसपास-प्रदेशकोरबा में कृषक उन्नति योजना का जिला स्तरीय समारोह आज: 43 हजार...

कोरबा में कृषक उन्नति योजना का जिला स्तरीय समारोह आज: 43 हजार से अधिक किसानों को 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की सौगात

कोरबा (पब्लिक फोरम)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को आदान सहायता राशि वितरण के लिए शनिवार 28 फरवरी को कोरबा के सीएसईबी फुटबॉल मैदान में एक भव्य जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे प्रारंभ होगा।

जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली हैं। इस अवसर पर जिले भर से हजारों किसान उपस्थित रहेंगे, जिन्हें शासन की ओर से आर्थिक सहायता राशि वितरित की जाएगी। आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएँ की गई हैं ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत शामिल होंगी। इसके साथ ही कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल तथा कृषि स्थायी समिति की सभापति श्रीमती सुष्मिता कमलेश अनंत सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंच साझा करेंगे।

होली से पहले किसानों को आर्थिक संबल
होली पर्व से पूर्व यह सहायता राशि किसानों और उनके परिवारों के लिए खुशियों का संदेश लेकर आई है। खेतों में कड़ी मेहनत कर धान उत्पादन करने वाले अन्नदाताओं को उनकी उपज का समुचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

जिले में अब तक 43,681 किसानों ने कृषक उन्नति योजना का लाभ लिया है। योजना के तहत कुल 27,47,101.20 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है, जिसके एवज में किसानों के खातों में लगभग 200.81 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की जाएगी।

विकासखंडवार लाभ का विवरण
आंकड़ों के अनुसार करतला विकासखंड योजना का सबसे बड़ा लाभार्थी रहा है। यहाँ 13,358 किसानों ने 9,82,873.20 क्विंटल धान बेचकर 7,184.80 लाख रुपये प्राप्त किए।
पाली विकासखंड में 10,157 किसानों को 5,53,834.80 क्विंटल धान के बदले 4,048.54 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड में 7,649 किसानों को 4,53,565.20 क्विंटल धान के एवज में 3,315.54 लाख रुपये,
कोरबा विकासखंड में 7,068 किसानों को 4,74,294 क्विंटल धान हेतु 3,467.10 लाख रुपये तथा
कटघोरा विकासखंड में 5,449 किसानों को 2,82,534 क्विंटल धान के लिए 2,065.33 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।

कृषक उन्नति योजना के माध्यम से न केवल किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति और मजबूती मिल रही है। यह योजना किसानों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित हो रही है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें और शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएँ।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments