रायगढ़ (पब्लिक फोरम)। जिला भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा रायगढ़ के जिला मीडिया प्रभारी अमित साहू ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत छत्तीसगढ़ बजट का स्वागत करते हुए इसे किसान, युवा, महिला और बुजुर्गों के हितों को केंद्र में रखने वाला दूरदर्शी बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास के साथ सामाजिक न्याय को मजबूत करने वाला दस्तावेज है, जो ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

अमित साहू ने कहा कि युवा वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट में कृषि, सिंचाई, ग्रामीण अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे रायगढ़ सहित पूरे प्रदेश के नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
उन्होंने बजट की प्रमुख विशेषताओं को रेखांकित करते हुए कहा:—

कृषि एवं किसान हित:
धान खरीदी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है। सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार तथा आधुनिक कृषि उपकरणों के लिए प्रावधान कर किसानों की उत्पादकता और आय बढ़ाने की दिशा में ठोस पहल की गई है।
महिला एवं युवा सशक्तिकरण:
स्वरोजगार योजनाओं, कौशल विकास केंद्रों और मातृ-स्वास्थ्य योजनाओं को मजबूती दी गई है, जिससे महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।
स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा:
जिला अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन के साथ-साथ वृद्ध एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने का प्रावधान किया गया है, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को संबल मिलेगा।
अधोसंरचना एवं शहरी विकास:
सड़कों, पुलों, बिजली और पेयजल सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विकास सुनिश्चित होगा।
इसी क्रम में जिला भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनोरंजन साहू, महामंत्री द्वय जितेन्द्र निषाद एवं जगन्नाथ प्रधान, तथा मीडिया प्रभारी अमित साहू ने संयुक्त बयान में कहा:—

“मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत यह बजट प्रदेश के किसानों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक निर्णायक और व्यावहारिक कदम है। यह बजट विकास, समावेशन और सामाजिक संतुलन का सशक्त उदाहरण है।”
उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 प्रदेश को आर्थिक सुदृढ़ता, सामाजिक सुरक्षा और अवसरों की समानता की ओर अग्रसर करेगा तथा आने वाले वर्षों में विकास की नई परिभाषा स्थापित करेगा।





Recent Comments