बुधवार, फ़रवरी 25, 2026
होमआसपास-प्रदेशरायगढ़ में सास-बहू सम्मेलन व निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर: परिवार नियोजन, आयुष्मान योजना...

रायगढ़ में सास-बहू सम्मेलन व निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर: परिवार नियोजन, आयुष्मान योजना और पोषण जागरूकता पर विशेष अभियान

रायगढ़ (पब्लिक फोरम)। जिला स्वास्थ्य समिति एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में रायगढ़ शहरी क्षेत्र के मांगलिक भवन, अतरमुड़ा वार्ड क्रमांक 26 में सास-बहू सम्मेलन एवं निःशुल्क आउटरीच स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पार्षद सरिता राजेंद्र ठाकुर रहीं। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज में जागरूकता बढ़ाने और नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पार्षद सरिता राजेंद्र ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई आयुष्मान योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह योजना देश के हर वर्ग को गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों द्वारा घर-घर जाकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने के कार्य को अत्यंत सराहनीय बताया। साथ ही बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित पोषण और आवश्यक विटामिन की महत्ता पर विशेष जोर दिया।

राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री रंजना पैंकरा के संचालन में शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ काउंटर स्थापित किए गए। इनमें गैर संचारी रोगों की जांच (शुगर एवं बीपी), मातृ स्वास्थ्य परीक्षण, वयोवृद्ध सेवा, शिशु स्वास्थ्य एवं टीकाकरण, नेत्र जांच, कुष्ठ एवं क्षय रोग परीक्षण, एचआईवी जांच, फाइलेरिया कार्यक्रम अंतर्गत सामूहिक दवा सेवन तथा निःशुल्क दवा वितरण शामिल रहा। बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों ने इन सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर के दौरान पुरुष नसबंदी पखवाड़े की शुरुआत भी की गई। सास-बहू सम्मेलन के माध्यम से परिवार नियोजन, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, आयुष्मान कार्ड, पोषण एवं विटामिन-ए से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और परिवार के निर्णयकर्ताओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाकर स्वस्थ समाज की नींव मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों- डॉ. सोनाली मेश्राम, सेक्टर चिकित्सा अधिकारी, शहरी समन्वयक मितानिन कार्यक्रम, सुपरवाइजर एवं मितानिन प्रशिक्षकों- की सक्रिय सहभागिता रही। शिविर में महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों की बड़ी उपस्थिति ने यह स्पष्ट किया कि जागरूक नागरिक ही स्वस्थ समाज की आधारशिला होते हैं।

यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता का उदाहरण बना, बल्कि परिवार नियोजन, पोषण एवं सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जन-जागरूकता को नई दिशा देने वाला सिद्ध हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments