मंगलवार, फ़रवरी 24, 2026
होमआसपास-प्रदेशजामगांव में एनएसएस शिविर का भव्य समापन: पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने...

जामगांव में एनएसएस शिविर का भव्य समापन: पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने कहा- सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व से बनता है जागरूक नागरिक

रायगढ़ (पब्लिक फोरम)। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ से संबद्ध बटमूल आश्रम महाविद्यालय साल्हेओना महापल्ली द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम जामगांव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजय अग्रवाल रहे।

समारोह का शुभारंभ युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों का पारंपरिक तरीके से एनएसएस बैच, पुष्पगुच्छ एवं मालाओं से स्वागत किया गया। स्वयंसेवक छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं सामूहिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिससे वातावरण उत्साह और प्रेरणा से भर गया।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. के.के. गुप्ता ने सात दिवसीय विशेष शिविर का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए स्वच्छता अभियान, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम, श्रमदान, तथा ग्राम विकास से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भाव, अनुशासन तथा सामाजिक चेतना विकसित करना रहा।

मुख्य अतिथि पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करती है। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष बल देते हुए कहा कि “स्वच्छ समाज ही स्वस्थ राष्ट्र का आधार है, इसलिए स्वच्छता को जीवन की दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।” उन्होंने स्वयंसेवकों को समाजहित में निष्ठापूर्वक कार्य करने और शिविर की गतिविधियों से अधिकतम लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.एल. पटेल ने विशेष शिविर आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा, संस्कार और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। महाविद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष एन.आर. प्रधान सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिविरार्थियों एवं अतिथियों को स्मृति चिन्ह, साल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. के.के. गुप्ता ने किया तथा आभार प्रदर्शन सहायक कार्यक्रम अधिकारी प्रो. लक्ष्मीन खड़िया ने किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, वरिष्ठ प्राध्यापक, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, महिला समिति, युवा मंडल तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और अनुशासनपूर्ण आचरण विशेष रूप से सराहनीय रहा।

समापन समारोह ने यह स्पष्ट किया कि एनएसएस जैसे कार्यक्रम केवल गतिविधि भर नहीं, बल्कि समाज निर्माण की प्रयोगशाला हैं, जहां विद्यार्थी सेवा, संवेदना और जिम्मेदारी के वास्तविक अर्थ को समझते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments