कोरबा (पब्लिक फोरम)। जिले के नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर (शहर) एवं मनोज चौहान (ग्रामीण) का जिला महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर महिला कांग्रेस नेतृत्व ने नई टीम के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कोरबा जिला शहर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के सहयोग से कोरबा शहर के मुकेश राठौर और ग्रामीण क्षेत्र के मनोज चौहान जैसे अनुभवी एवं संघर्षशील नेताओं को जिम्मेदारी मिली है। इससे जिले में कांग्रेस का संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने नए अध्यक्षों को विश्वास दिलाया कि किसी भी संगठनात्मक कार्यक्रम, धरना-प्रदर्शन या आयोजनों में महिला कांग्रेस के पदाधिकारी व सदस्य हर कदम पर उनके साथ रहेंगे।
इस पर नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने महिला कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपनी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी का गठन शीघ्र किया जाएगा। इसके बाद महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एससी, एसटी, ओबीसी प्रकोष्ठ सहित पार्टी के सभी मोर्चा संगठनों के साथ मिलकर संगठन का विस्तार किया जाएगा।
राठौर ने आगे कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा। साथ ही, कांग्रेसी विचारधारा वाले उन लोगों को भी, जो कुछ समय से संगठन से दूरी बनाए हुए हैं, पुनः जिम्मेदारी देकर संगठन में शामिल किया जाएगा। उनके अनुभव से संगठन को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर गीता गभेल, संगीता श्रीवास, झलकुंवर, ममता अग्रवाल, राजमति यादव, शालु पनरिया सहित कई महिला कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थीं। कार्यक्रम में संगठन को सशक्त बनाने और एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का संकल्प दोहराया गया।





Recent Comments