मंगलवार, दिसम्बर 2, 2025
होमआसपास-प्रदेशकड़ाके की ठंड में मानवता का सहारा: मानव सेवा मिशन ने पहाड़ी...

कड़ाके की ठंड में मानवता का सहारा: मानव सेवा मिशन ने पहाड़ी कोरवा आदिवासी परिवारों को बांटे कंबल

कोरबा/बालकोनगर (पब्लिक फोरम)। जिले में जारी कड़ाके की ठंड के बीच मानव सेवा मिशन द्वारा जरूरतमंदों के लिए चलाया जा रहा कंबल वितरण अभियान जनसहयोग और संवेदनशीलता की मिसाल बन गया है। संस्था के सदस्य लगातार शहर के बेघर, बेसहारा और घुमंतु लोगों के साथ-साथ दूरस्थ वनांचलों में निवासरत पहाड़ी कोरवा समुदाय तक पहुंचकर उन्हें ठंड से बचाव हेतु कंबल उपलब्ध करा रहे हैं।

कंबल वितरण का तीसरा चरण पूरा
अभियान के तीसरे चरण में संस्था के सदस्यों ने सतरेंगा रोड के पहाड़ी कोरवा ग्राम टोंकाभांटा और बाघमारा का भ्रमण कर सभी परिवारों को कंबल वितरित किए। कंबल पाकर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की और लगातार छह वर्षों से जारी इस मानवीय पहल के लिए संस्था एवं इसके सदस्यों का आभार जताया।

मानवता और सेवा का जीवंत उदाहरण
मानव सेवा मिशन बालकोनगर का यह प्रयास बताता है कि सेवा का सर्वोच्च रूप वही है, जो जरूरत के क्षण में किसी तक पहुंचे। भीषण ठंड में कंबल देने का अर्थ मात्र वस्त्र प्रदान करना नहीं, बल्कि किसी व्यक्ति को नई ऊर्जा, सुरक्षा और आश्वासन देना है। संस्था का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों से अकेले न जूझे और मानवता की रोशनी समाज में निरंतर चमकती रहे।

अपने निरंतर जनसेवा कार्यों के कारण मानव सेवा मिशन ने न केवल जिले में, बल्कि पूरे प्रदेश में संवेदनशील सामाजिक संगठन के रूप में एक अलग पहचान स्थापित की है।

इस चरण के सेवा अभियान में केशव चन्द्रा, अमर पटेल, संजय विजयवर्गीय, अशोक पटेल, मनोज सिंह, योगेश पटेल, लिलेश्वर शर्मा, पीतमलाल सोमनकर, दीप बनर्जी, राम सहाय पटेल सहित महिला सदस्य माधुरी चन्द्रा, उमा पटेल, सुषमा सिंह, स्मिता पटेल, सुमन बनर्जी सहित बच्चों—प्राजक्ता, छायांक, अनन्या, दिव्यांशु, श्रेयस, निशांक, पारुल, आरवी और अबीर की सक्रिय उपस्थिति रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments