कोरबा (पब्लिक फोरम)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के 41 जिला अध्यक्षों की नई सूची जारी कर संगठनात्मक ढांचे को मजबूती देने का संकेत दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी सूची में 30 जिलों में नए जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं, जबकि 11 जिलों में वर्तमान अध्यक्षों को पुनः जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कोरबा जिले में दो महत्वपूर्ण नियुक्तियाँ हुई हैं। कोरबा ग्रामीण क्षेत्र में मनोज चौहान को पुनः जिला अध्यक्ष का दायित्व दिया गया है। चौहान को आठ माह पहले मार्च 2025 में यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस छोटे से कार्यकाल में उन्होंने रामपुर, कटघोरा और पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की। वे लगातार पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहे और प्रदेश कांग्रेस एवं एआईसीसी के निर्देशों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करते रहे। उनकी सक्रियता और जवाबदेही को देखते हुए उन्हें पुनः कोरबा ग्रामीण कांग्रेस का नेतृत्व सौंपा गया है।
वहीं, कोरबा शहर कांग्रेस कमेटी में परिवर्तन किया गया है। पूर्व अध्यक्ष नत्तूलाल यादव, जिन्हें इसी वर्ष आठ माह पहले नियुक्त किया गया था, को उम्र सीमा संबंधी नए संगठनात्मक नियमों के कारण पद से मुक्त किया गया है। उनके स्थान पर वरिष्ठ और सक्रिय नेता मुकेश कुमार राठौर को शहर कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नत्तूलाल यादव अपने कार्यकाल के दौरान लगातार सक्रिय रहे और कांग्रेस के कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें संगठन में समर्पित नेतृत्व के रूप में जाना जाता है।
मुकेश राठौर को क्षेत्र में एक अनुभवी और जमीनी नेता के रूप में पहचाना जाता है। वे वर्ष 2004 में पहली बार पथर्रीपारा वार्ड क्रमांक 12 से पार्षद चुने गए थे। इसके बाद 2009 में दोबारा विजयी हुए। 2014 और 2019 में वार्ड महिला आरक्षित होने पर उनकी धर्मपत्नी सुनीता राठौर पार्षद चुनी गईं। वर्ष 2024-25 में मुकेश राठौर तीसरी बार पार्षद निर्वाचित होकर नगर राजनीति में अपनी पकड़ और मजबूत कर चुके हैं।
राठौर लंबे समय से जिला कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय रहे हैं। वे निगम में पांच वर्ष तक नेता प्रतिपक्ष रहे, जहाँ उन्होंने जिम्मेदारी को पूर्ण ईमानदारी और निष्ठा से निभाया। संगठन में उनकी सक्रियता और निरंतर मौजूदगी को देखते हुए उन्हें शहर कांग्रेस की बागडोर सौंपी गई है।
मुकेश राठौर की नियुक्ति के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और सांसद ज्योत्स्ना महंत ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि इस परिवर्तन से संगठन में नई ऊर्जा आएगी और एकजुटता के साथ मजबूत नेतृत्व विकसित होगा।
कोरबा जिले में कांग्रेस की इन ताज़ा नियुक्तियों को आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक विस्तार के लिहाज़ से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





Recent Comments