back to top
होमआसपास-प्रदेशकांकेर नगर पालिका के प्लेसमेंट कर्मचारी की कार्यस्थल पर दर्दनाक मौत: सुरक्षा...

कांकेर नगर पालिका के प्लेसमेंट कर्मचारी की कार्यस्थल पर दर्दनाक मौत: सुरक्षा उपकरणों की कमी पर यूनियन ने उठाए सवाल

कांकेर (पब्लिक फोरम)। कांकेर नगर पालिका के प्लेसमेंट कर्मचारी गुप्तेश्वर सोनी की कार्यस्थल पर हुई दुर्घटना में आज सुबह मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब वे अपने नियमित कार्य के दौरान स्थानीय दशपुर गांव में पानी की मोटर चालू करने गए थे। अचानक हुई दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत कोमलदेव अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गुप्तेश्वर सोनी कांकेर शहर के महादेव वार्ड के निवासी थे। मात्र 45 वर्ष की आयु में उनका यह असामयिक निधन नगर पालिका कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय के लिए गहरा आघात लेकर आया है। उनके परिवार में पत्नी, दो बालिकाएं और एक बालक हैं।

नगर निकाय कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष द्वारका कोसरिया और महासचिव भाव सिंह कश्यप ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुर्घटना केवल एक व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। यूनियन नेताओं का आरोप है कि नगर पालिका के प्लेसमेंट कर्मचारियों को किसी भी प्रकार के सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते।

भाव सिंह कश्यप ने कहा — “यदि गुप्तेश्वर सोनी को आवश्यक सुरक्षा उपकरण दिए गए होते, तो यह हादसा टल सकता था। नियोक्ता सिर्फ लाभ कमाने में व्यस्त हैं, जबकि कर्मचारियों की सुरक्षा उनके लिए कोई मायने नहीं रखती।”

यूनियन ने नियोक्ता से मांग की है कि मृतक के परिजनों को तत्काल 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाए, ताकि परिवार को आर्थिक राहत मिल सके। साथ ही, सभी प्लेसमेंट कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की ठोस व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।

नगर निकाय कर्मचारी यूनियन ने दिवंगत गुप्तेश्वर सोनी के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। यूनियन ने राज्य सरकार से भी आग्रह किया है कि नगर निकायों में कार्यरत संविदा और प्लेसमेंट कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments