back to top
शनिवार, नवम्बर 15, 2025
होमआसपास-प्रदेश“सेवादल कांग्रेस की रीढ़ की हड्डी है, संगठन को मजबूत बनाना होगा”...

“सेवादल कांग्रेस की रीढ़ की हड्डी है, संगठन को मजबूत बनाना होगा” –डॉ.आर.सी. खुटिया

कोरबा (पब्लिक फोरम)। कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत कोरबा जिले में बुधवार, 9 अक्टूबर को कांग्रेस के जिला पर्यवेक्षक डॉ. आर.सी. खुटिया ने सेवादल, कटघोरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और दीपका ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठकें लीं। उन्होंने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर बल दिया।

जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पहली बैठक में सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत में शहर सेवादल अध्यक्ष प्रदीप पुरायणे और ग्रामीण अध्यक्ष रामनारायण रजक ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डॉ. खुटिया का स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. आर.सी. खुटिया ने कहा कि “सेवादल कांग्रेस पार्टी की मातृ संगठन है, जो पार्टी की रीढ़ की हड्डी के समान है।” उन्होंने कहा कि सेवादल का कार्य समर्पण, अनुशासन और सादगी के माध्यम से कांग्रेस के मूल विचारों को जनता तक पहुँचाना है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी सेवादल कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “सेवादल कांग्रेस की मुख्य शक्ति है, जिसमें सादगी और सेवा की भावना निहित है। हमें सेवादल संगठन को मजबूत बनाकर पार्टी के जनाधार को सशक्त करना होगा।”

इसके बाद कटघोरा के मंगल भवन में शहर ब्लॉक कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। ब्लॉक अध्यक्ष राजीव लखनपाल ने पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. खुटिया ने कहा, “कांग्रेस हमेशा राष्ट्रहित के मामलों में अग्रणी रही है और आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती आई है। जब कांग्रेस कमजोर होती है, तो देश भी कमजोर होता है, क्योंकि कांग्रेस आम जनता की आवाज़ है और लोकतंत्र की आत्मा को जीवित रखती है।”

भोजनावकाश के पश्चात शाम 4 बजे शिवधाम ज्योतिनगर दीपका में दीपका ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई। यहां ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप सिंह ने डॉ. खुटिया का स्वागत किया।

इस बैठक में डॉ.खुटिया ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को कांग्रेस के मूल आदर्शों और उद्देश्यों का वाहक बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि “युवा पीढ़ी और आधुनिक सोच को मिलकर संगठन की ऊर्जा को नए आयाम देने होंगे।”

बैठक में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व सभापति श्यामसुंदर सोनी, बी.एन. सिंह, रतन मित्तल, नत्थूलाल यादव, मनोज चौहान, हरीश परसाई, तनवीर अहमद, इस्तियाक खान, गोरेलाल यादव सहित कटघोरा और दीपका ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments