back to top
गुरूवार, सितम्बर 11, 2025
होमआसपास-प्रदेशजल संरक्षण में मिसाल बना कोरबा का दोंदरो, भारत सरकार ने 79वें...

जल संरक्षण में मिसाल बना कोरबा का दोंदरो, भारत सरकार ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर किया सम्मानित

कोरबा (पब्लिक फोरम)। भारत सरकार ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोरबा जिले की ग्राम पंचायत दोंदरो को जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया है। नई दिल्ली स्थित जल शक्ति मंत्रालय ने पंचायत को “जल जीवन मिशन” में योगदान के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किया। यह सम्मान न केवल ग्राम पंचायत के लिए, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण बन गया।

जल संरक्षण को लेकर किए गए अनुकरणीय प्रयासों ने दोंदरो पंचायत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। सरपंच बंधन सिंह कंवर, पूर्व सरपंच उदमबाई कंवर और ग्राम प्रतिनिधियों ने दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में यह सम्मान ग्रहण किया।

सम्मान प्राप्त कर लौटने के बाद प्रतिनिधि मंडल ने जनपद पंचायत कोरबा सीईओ और जनपद अध्यक्ष श्रीमती बीजमोती राठिया, जनपद सदस्य श्रीमती ललिता बलराम साहू, पूर्व जनपद सदस्य कौशल प्रसाद पटेल, उपसरपंच श्रीमती प्रमिला मनहरण पटेल के साथ मिलकर कलेक्टर अजीत वसंत से भेंट की। कलेक्टर ने टीम को बधाई दी और पंचायत के प्रयासों की सराहना की।

जनपद पंचायत सीईओ सुश्री कौशाम्बी गबेल ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक विकासखंड से एक ग्राम पंचायत का चयन किया जाना था। कोरबा जिले से यह सम्मान ग्राम पंचायत दोंदरो को मिला।

13 अगस्त 2025 को सरपंच बंधन सिंह कंवर और पूर्व सरपंच उदमबाई कंवर रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए और वहां जल शक्ति मंत्रालय से यह सम्मान ग्रहण किया।

ग्राम पंचायत दोंदरो ने पिछले वर्षों में जल संरक्षण और जल प्रबंधन को प्राथमिकता दी। जल स्रोतों के संरक्षण, नालों की मरम्मत, वर्षा जल संग्रहण और ग्रामीणों को जागरूक करने जैसी कई पहलें की गईं। इन प्रयासों ने दोंदरो को जल संरक्षण की आदर्श पंचायत बना दिया।

यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण स्तर पर जल संरक्षण के छोटे-छोटे कदम भी बड़े बदलाव ला सकते हैं। दोंदरो की उपलब्धि अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणा है कि वे भी जल संकट से निपटने और आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी बचाने की दिशा में ठोस प्रयास करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments