back to top
होमआसपास-प्रदेशअंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: कोरबा में कैबिनेट मंत्री देवांगन के नेतृत्व में हुआ...

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: कोरबा में कैबिनेट मंत्री देवांगन के नेतृत्व में हुआ भव्य आयोजन, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

कोरबा (पब्लिक फोरम)। ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज कोरबा के लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल में एक भव्य जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग व श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। मंत्री श्री देवांगन ने स्वयं विभिन्न योगासनों का अभ्यास करते हुए आमजन से योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

इस वृहद आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमंडलाधिकारी मयंक अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर मनोज बंजारे सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, स्वास्थ्य कर्मी, स्वच्छता दीदियां और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।

योग, तन और मन को स्वस्थ रखने का सर्वोत्तम उपाय: मंत्री देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “योग हमारे शरीर और मन को स्वस्थ रखने का सर्वोत्तम उपाय है।” उन्होंने इस दिवस को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को देते हुए कहा कि उनकी ही पहल पर आज भारत समेत दुनिया के अनगिनत देश योग को अपनाकर लाभान्वित हो रहे हैं।

श्री देवांगन ने योग को भारतीय संस्कृति और प्राचीन परंपरा का अटूट हिस्सा बताते हुए कहा कि पुराने समय में ऋषि-मुनि नियमित योग साधना से ही निरोगी और दीर्घायु जीवन व्यतीत करते थे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रत्येक नागरिक का स्वस्थ होना अनिवार्य है और योग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में हो रहे योग आयोजनों की सराहना की और सभी से अपनी व्यस्त दिनचर्या में से कुछ समय योग के लिए निकालने का आग्रह किया।

योगमय जीवन अपनाएं, निरोगी बनें कलेक्टर एवं अन्य अतिथि
कलेक्टर अजीत वसंत ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में योग का विशेष महत्व है। यह केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है, जिससे शारीरिक और मानसिक दक्षता में वृद्धि होती है। उन्होंने सभी से योगमय जीवन अपनाकर निरोग बनने की अपील की।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में विभिन्न प्रकार की बीमारियों से बचने के लिए योग अत्यंत फायदेमंद है। यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। वहीं, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मन और आत्मा को शरीर से जोड़ने की प्रक्रिया को योग बताते हुए सभी को प्रतिदिन योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में योग शिक्षक रामेश्वर प्रसाद पांडे ने योग के महत्व पर प्रकाश डाला और उपस्थित जनसमूह को ताड़ासन, पवनमुक्तासन, हलासन, शवासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम जैसे विभिन्न आसनों और प्राणायामों का अभ्यास कराया। पूरा हॉल योग की ऊर्जा से सराबोर हो गया, और सभी ने मिलकर एक स्वस्थ और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण का संदेश दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments