back to top
होमआसपास-प्रदेशडॉ. अंबेडकर जयंती: मंत्री लखनलाल देवांगन की उपस्थिति में बालको नगर में...

डॉ. अंबेडकर जयंती: मंत्री लखनलाल देवांगन की उपस्थिति में बालको नगर में मनाई गई सामाजिक सद्भाव की उत्सव

बालकोनगर (पब्लिक फोरम)। बालको नगर के मंगल भवन में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती को भव्य समारोह के रूप में मनाया गया। इस कार्यक्रम में संविधान निर्माता के आदर्शों को याद किया गया और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच एकता का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि ने किया संविधान की रक्षा का आह्वान

छत्तीसगढ़ के श्रम, उद्योग एवं वाणिज्य केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने अपने संबोधन में बाबा साहब अंबेडकर के जीवन संघर्ष को सभी वर्गों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया।

मंत्री देवांगन ने कहा, “भारत का संविधान दुनिया के अन्य संविधानों से बड़ा और महान है, जिससे हमारा देश संचालित होता है। आज हमारे जैसे पिछड़े वर्ग और अनेक गरीब पृष्ठभूमि के लोग मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के पद तक पहुंचे हैं। यही कारण है कि प्रधानमंत्री मोदी जी हमेशा भारतीय संविधान को माथे पर लगाकर सम्मान देते हैं।”

सामाजिक सद्भाव का संदेश

कार्यक्रम की अध्यक्षता कोरबा नगर पालिक निगम के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “आज हम बाबा साहब अंबेडकर जी की जयंती को सामाजिक सद्भाव के रूप में मना रहे हैं, यही इस कार्यक्रम का सार है। बाबा साहब का जीवन और उनके द्वारा रचित संविधान भारत के करोड़ों पिछड़े वर्गों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं और सभी वंचित वर्गों के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेगा।”

प्रतिष्ठित नागरिकों का सम्मान

समारोह में कोरबा अंचल के प्रतिष्ठित नागरिकों को मंत्री देवांगन द्वारा राष्ट्रीय संयुक्त मोर्चा भारत के सम्मान पत्र वितरित किए गए। हाल ही में दिवंगत हुए गांधीवादी और लोकप्रिय पत्रकार स्वर्गीय सुरेश चंद्र रोहरा को मरणोपरांत ‘कोरबा रत्न’ से सम्मानित किया गया।

इसके अलावा, कोरबा हॉकर यूनियन के नेता विनोद सिन्हा, मान्यवर कांशीराम जी की दत्तक पुत्री के रूप में प्रसिद्ध लक्ष्मीन दीदी, समाज सेविका पार्वती तिवारी, पदम सिंह चंदेल और लता साहू को ‘संविधान सुरक्षा वीर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक पहल

समारोह में बुढ़ा देव सांस्कृतिक मंच द्वारा प्रेरणादायक गीतों का आयोजन भी किया गया। आयोजन समिति द्वारा बाबा साहब अंबेडकर की स्मृति में महिलाओं और दिव्यांगों को थालियों का वितरण मंत्री देवांगन के हाथों किया गया, जिसकी कई लोगों ने सराहना की।

व्यापक सहभागिता

कार्यक्रम में विशेष अतिथियों में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया अंबेडकर के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. गोजूपाल, कोरबा क्षेत्र के भाजपा नेता प्रफुल्ल तिवारी, जे.एन. दुबे, मूलनिवासी मुक्ति मोर्चा के प्रदेश कार्यवाहक मोहम्मद साफी और लोकप्रिय गायक कलाकार अनीश उपस्थित थे।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक गोपाल ऋषिकर भारती ने मंच संचालन किया, जबकि आयोजन समिति के अध्यक्ष रामकृष्ण चौहान और संयोजक सुनील सुना ने सहयोगियों के साथ मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

इस अवसर पर मूलनिवासी मुक्ति मोर्चा, भाजपा और विभिन्न समाजों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के अध्यक्ष रामकृष्ण चौहान और संयोजक सुनील सुना ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments