पाली महोत्सव 2025: शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं का आयोजन, बॉलीवुड सिंगर शान और मैथिली ठाकुर की प्रस्तुति
कोरबा (पब्लिक फोरम)। जिला प्रशासन द्वारा पाली महोत्सव 2025 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर 26 फरवरी को शाम 7 बजे से पाली महोत्सव मैदान, ग्राम पंचायत केराझरिया में इस महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य, श्रम एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन शामिल होंगे। इस अवसर पर महोत्सव की अध्यक्षता सांसद कोरबा श्रीमती ज्योत्सना चरण दास महंत करेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, विधायक रामपुर फूलसिंह राठिया, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, अध्यक्ष नगर पंचायत पाली अजय जायसवाल और सरपंच केराझरिया श्रीमती गिरजा सत्यनारायण पैकरा उपस्थित रहेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रस्तुतियां
शुभारंभ समारोह 26 फरवरी को शाम 6:30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ शुरू होगा, जिसमें सुनील सोनी अपनी प्रस्तुति देंगे। रात 8 बजे से मैथिली ठाकुर अपने मधुर गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। इसके अलावा, छाऊ नृत्य, मयूरभेज और स्थानीय कलाकारों द्वारा विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। अगले दिन 27 फरवरी 2025 को शाम 6:30 बजे से छत्तीसगढ़ी गायक दिलीप षडंगी अपनी प्रस्तुति देंगे। रात 8 बजे बॉलीवुड के मशहूर गायक शान अपने लोकप्रिय गीतों से दर्शकों का दिल जीतेंगे। इसके साथ ही कत्थक नृत्य और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां भी होंगी।
पाली महोत्सव के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा 26 फरवरी को साइकिल रेस और 27 फरवरी को वीडियोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। यह प्रतियोगिताएं महोत्सव के मुख्य आकर्षणों में से एक होंगी।
समापन समारोह
पाली महोत्सव 2025 का समापन समारोह 27 फरवरी 2025 को शाम 7 बजे मुख्य अतिथि उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन की उपस्थिति में संपन्न होगा। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद कोरबा श्रीमती ज्योत्सना चरण दास महंत, विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, विधायक रामपुर फूलसिंह राठिया, महापौर नगर निगम श्रीमती संजू देवी राजपूत, अध्यक्ष नगर पंचायत पाली अजय जायसवाल और सरपंच ग्राम पंचायत केराझरिया श्रीमती गिरजा सत्यनारायण पैकरा उपस्थित रहेंगे।
पाली महोत्सव 2025 एक अद्भुत सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करेगा, जिसमें संगीत, नृत्य और प्रतियोगिताओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
Recent Comments