कोरबा (पब्लिक फोरम)। रिकांडो रोड स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद भवन में कोरबा पूर्वांचल सर्व समाज विकास समिति द्वारा 76वां गणतंत्र दिवस उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम कोरबा के पूर्व महापौर एवं समिति के संरक्षक श्री राजकिशोर प्रसाद ने भारत माता के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना के साथ समारोह की शुरुआत की। इसके पश्चात उन्होंने ध्वजारोहण कर सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में श्री प्रसाद ने कहा, “हमारा संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समता, समानता, न्याय और स्वतंत्रता के अधिकार प्रदान करता है। आजादी के बाद भारत जैसे विशाल देश में हमारे नेताओं ने एक ऐसा संविधान बनाया, जो सभी धर्म, संस्कृति और वर्ग के हितों की रक्षा करता है। यह विश्व का सबसे बड़ा और सर्वसमावेशी संविधान है।”
समिति के अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा, “संविधान में निहित मूल्यों की रक्षा करना और इसके प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना हर नागरिक का दायित्व है। हमारे पूर्वजों ने जिस परिश्रम और दूरदृष्टि से इस संविधान को तैयार किया, उसे हमें सम्मान और गर्व के साथ अपनाना चाहिए।”
कार्यक्रम में पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद और अध्यक्ष अवधेश सिंह के साथ महासचिव अरविंद शर्मा, बच्चूसिंह, विजय कुमार सिंह, डॉ. संदीप सिंह, नरेन्द्र सिंह, अभय कुमार, शंभू सिंह, सुरेन्द्र बहादुर सिंह, मोहम्मद शाकिर, आशिक मल्लिक, श्रीवास प्रताप सिंह, प्रभास शाही, कमलेश सिंह, दिनेश सिंह, किशोर सिंह, संजय सिंह, रूद्र सिंह, विरेन्द्र मिश्रा, रामेश्वर सिंह, रमेश कुमार, मनोज कलशे, संतोष दास, मुन्ना उसरवर्ष सहित बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज के सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन देशभक्ति गीतों और समाज के विकास में संविधान की भूमिका पर चर्चा के साथ किया गया।
Recent Comments