back to top
शनिवार, फ़रवरी 8, 2025
होमआसपास-प्रदेशकेंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया ध्वजारोहण, शहीदों के परिजनों को...

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया ध्वजारोहण, शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित

76वां गणतंत्र दिवस: हर्षोल्लास और गर्व के साथ मनाया गया
परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियों ने बांधा समा

कोरबा (पब्लिक फोरम)। कोरबा जिला मुख्यालय में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और गर्व के साथ मनाया गया। सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।

मुख्य अतिथि श्री साहू ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का छत्तीसगढ़वासियों के नाम संदेश पढ़ा। इस मौके पर “अनेकता में एकता” के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया, और वीर सेनानियों की शहादत को नमन किया गया।

मुख्य समारोह में परेड का नेतृत्व सुबेदार अनंत राम पैंकरा ने किया। परेड में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला), एनसीसी (पुरुष एवं महिला) और स्काउट-गाइड की आठ टुकड़ियों ने भाग लिया।
प्रोफेशनल वर्ग: प्रथम स्थान जिला पुलिस बल, द्वितीय केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, तृतीय जिला पुलिस बल (महिला) को मिला।
नॉन-प्रोफेशनल वर्ग: एनसीसी सीनियर डिवीजन (महिला) प्रथम, एनसीसी सीनियर डिवीजन (पुरुष) द्वितीय, और स्काउट-गाइड (सीनियर डिवीजन) तृतीय स्थान पर रहे।

छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
दिव्य ज्योति विशेष विद्यालय रामपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सेंट जेवियर स्कूल और न्यू एरा विद्यालय को क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान मिला।
सेंट पैलोटी विद्यालय को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

मुख्य समारोह में 14 विभागों ने झांकियों का प्रदर्शन किया।
आदिवासी विकास विभाग ने प्रथम स्थान हासिल किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग को द्वितीय और स्वास्थ्य विभाग को तृतीय स्थान मिला।
शिक्षा विभाग को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। स्वर्गीय प्रदीप महतो के देहदान के लिए उनके परिवार को विशेष सम्मान मिला। राज्य स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाली सुश्री अनुष्का को भी सम्मानित किया गया।

इस भव्य आयोजन में कलेक्टर अजीत वसंत, एसपी सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ  दिनेश कुमार नाग समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, शिक्षक, छात्र और आम जनता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments