back to top
शुक्रवार, फ़रवरी 7, 2025
होमआसपास-प्रदेशसरकार पर ओबीसी आरक्षण खत्म करने का आरोप: कांग्रेस ने किया जोरदार...

सरकार पर ओबीसी आरक्षण खत्म करने का आरोप: कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन

कोरबा (पब्लिक फोरम)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में राज्य सरकार द्वारा लागू नई आरक्षण व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने राज्यभर में जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किए। कोरबा में टीपी नगर चौक पर बुधवार को एक दिवसीय प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप जायसवाल ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में ओबीसी वर्ग के अधिकारों का हनन किया गया है। “प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए आरक्षित एक भी पद ओबीसी को नहीं मिला है, जो राज्य की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह सरकार का षडयंत्र है, जिससे ओबीसी वर्ग के उम्मीदवार चुनाव लड़ने से वंचित हो रहे हैं।”

जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सपना चौहान ने कहा, “रायपुर और बिलासपुर जैसे जिलों में ओबीसी आरक्षण को न्यूनतम स्तर पर रखा गया है। रायपुर में केवल 4 सीटें ओबीसी के लिए आरक्षित हैं, जबकि बिलासपुर में 17 में से केवल एक सीट ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है। पुरुषों के लिए एक भी सीट आरक्षित नहीं है।”

पूर्व सभापति श्यामसुंदर सोनी ने सरकार पर आरक्षण प्रावधानों में दुर्भावनापूर्ण संशोधन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “16 जिला पंचायतों और 85 जनपद पंचायतों में पहले 25% सीटें ओबीसी के लिए आरक्षित थीं, लेकिन अब इनमें से अधिकतर सीटें सामान्य घोषित कर दी गई हैं। यह भाजपा सरकार की ओबीसी-विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।”
कांग्रेस नेत्री उषा तिवारी ने बताया कि कई पंचायतें ऐसी हैं, जहां 90-99% आबादी ओबीसी की है, फिर भी वहां ओबीसी वर्ग के लिए सरपंच पद आरक्षित नहीं है। आरक्षण प्रक्रिया में हुए बदलावों ने ओबीसी वर्ग के अधिकारों पर गहरा आघात किया है।
ब्लॉक अध्यक्ष संतोष राठौर और कांग्रेस के ओबीसी विभाग अध्यक्ष गजानंद साहू ने बस्तर और सरगुजा संभाग में ओबीसी आरक्षण खत्म करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने साजिश के तहत ओबीसी वर्ग को उनके अधिकारों से वंचित किया है।

इस प्रदर्शन में दुष्यंत शर्मा, सनीष कुमार, रवि चंदेल, गजानंद साहू, रेखा त्रिपाठी, शांता मंडावे, रामगोपाल यादव, अनुज जायसवाल, देवीदयाल सोनी, कृपाराम साहू, देवी दयाल तिवारी, हलीम शेख, महेन्द्र निर्मलकर, लक्ष्मी महंत, गीता मनिकपुरी, राजेश मानिकपुरी, संजू अग्रवाल, ओंकार महराज, अनील यादव, नत्थू लाल यादव, गोपाल यादव, संजय अग्रवाल, राजेश, राजू बर्मन, गोरेलाल यादव, देव जायसवाल, ओमकार दुबे, ए डी जोशी, मुकेश कश्यप, ज्ञानचंद राठौर, संजीव अग्रवाल, सीताराम चौहान, लक्ष्मण लहरे, डॉ. हेमकुमार राठौर, अविनाश बंजारे, अरूण यादव सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे।
कांग्रेस ने राज्य सरकार पर ओबीसी आरक्षण को खत्म करने और उनके अधिकारों का हनन करने का गंभीर आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि आरक्षण व्यवस्था को तत्काल बहाल किया जाए और ओबीसी वर्ग के साथ न्याय किया जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments