रायपुर (पब्लिक फोरम)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ में किसानों से धान खरीदी का कार्य मोदी गारंटी के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम में न आएं और सरकार पर विश्वास रखें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि इस संबंध में गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। पंजीकृत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शिता और पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी है। इस बार किसानों की सहूलियत के लिए उपार्जन केंद्रों पर माइक्रो एटीएम की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से किसान 2000 से 10,000 रुपये तक की धनराशि निकाल सकते हैं। यह सुविधा किसानों को अपने धान की बिक्री से जुड़े खर्च जैसे ट्रैक्टर, मेटाडोर का भाड़ा, हमाली मजदूरी आदि चुकाने में मददगार साबित हो रही है।
धान खरीदी अभियान 14 नवंबर से शुरू हुआ है और 31 जनवरी 2025 तक चलेगा। इस खरीफ सीजन में 27.68 लाख किसानों ने पंजीकरण कराया है, जिसमें 1.45 लाख नए किसान भी शामिल हैं। राज्य सरकार के प्रयासों से इस बार 2739 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से लगभग 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं। सरकार ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही, केंद्रों पर सुविधा बढ़ाने और प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए विशेष उपाय किए गए हैं।
किसानों को भ्रम से बचने की सलाह
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कुछ असामाजिक तत्व किसानों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे ऐसे प्रचारों से बचें और धान खरीदी से जुड़े किसी भी सवाल या समस्या के लिए सीधे सरकारी अधिकारियों से संपर्क करें।
छत्तीसगढ़ सरकार का यह प्रयास किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनकी मेहनत का सही मूल्य देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। माइक्रो एटीएम जैसी सुविधाएं किसानों के लिए क्रांतिकारी साबित हो रही हैं। सरकार का दावा है कि यह धान खरीदी अभियान प्रदेश में कृषि क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
Recent Comments