back to top
गुरूवार, जुलाई 3, 2025
होमआसपास-प्रदेशकोरबा में महिला सुरक्षा के लिए मैत्री हेल्पलाइन नंबर लॉन्च: छेड़छाड़ की...

कोरबा में महिला सुरक्षा के लिए मैत्री हेल्पलाइन नंबर लॉन्च: छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाने का बड़ा कदम!

कोरबा (पब्लिक फोरम)। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कोरबा पुलिस प्रशासन ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत मैत्री व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 9479282100 का शुभारंभ किया है। इस हेल्पलाइन का उद्देश्‍य महिलाओं के खिलाफ होने वाली छेड़छाड़ और अपराधों पर अंकुश लगाना है। कलेक्टर  अजीत वसंत की उपस्थिति में वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में इसका आधिकारिक उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा, “कोरबा पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठा रहा है। मैत्री हेल्पलाइन महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। इसके माध्यम से महिलाएं और बालिकाएं बिना किसी संकोच के अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगी, जिससे अपराधियों पर नियंत्रण रखा जा सकेगा।”

महिलाओं के लिए बड़ा कदम
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने इस अवसर पर जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ होने वाली छेड़छाड़ और अपमानजनक घटनाओं की शिकायतें कई बार लोकलाज और सामाजिक डर की वजह से दर्ज नहीं हो पाती हैं। ऐसे में मैत्री हेल्पलाइन एक भरोसेमंद प्लेटफॉर्म साबित होगा, जहां महिलाएं अपनी शिकायतें बिना किसी झिझक के दर्ज करा सकती हैं।

उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन पर दर्ज होने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई शुरू होगी और 96 घंटे के भीतर अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। इस पहल का मकसद महिलाओं को सुरक्षा का एहसास दिलाना और अपराधियों को कड़ा संदेश देना है कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कोरबा पुलिस प्रशासन की इस पहल को एक बेहद महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जाना चाहिए, क्योंकि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा आज के समय की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है। हेल्पलाइन की शुरुआत उन मामलों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करेगी, जो अक्सर सामाजिक दबाव के कारण सामने नहीं आ पाते थे।
यह प्रयास कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और महिलाओं को एक सुरक्षित माहौल देने की दिशा में सकारात्मक दिशा में बढ़ा, एक बड़ा कदम है। हालांकि, इस हेल्पलाइन की प्रभावशीलता इस बात पर निर्भर करेगी कि कितनी तेजी से और सख्ती से प्रशासन शिकायतों का निपटारा करता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments