कोरबा (पब्लिक फोरम)। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल और श्रीमती सपना चौहान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ 24 अगस्त, शनिवार को टीपी नगर चौक में दोपहर 2 बजे जिला स्तरीय धरना/प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह प्रदर्शन भाजपा सरकार द्वारा बलौदा बाजार प्रकरण में राजनीतिक द्वेष और दुर्भावना के चलते भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के जिला अध्यक्षों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में दर्ज किए गए एफआईआर और गिरफ्तारियों के विरोध में किया जा रहा है।
इस धरना/प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिलों में कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किए हैं। कोरबा जिले के लिए सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत को प्रभारी बनाया गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने कांग्रेस के सभी संगठनों जैसे जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, सेवादल, इंटक, ब्लॉक, जोन, सेक्टर, बूथ कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों सहित मोर्चा संगठनों के पदाधिकारियों से समय पर उपस्थित होने का अनुरोध किया है।
Recent Comments