कोरबा (पब्लिक फोरम)। सियान सदन कोरबा में ओबीसी महासभा, बामसेफ व मूलनिवासी संघ के संयुक्त तत्वाधान में 26 नवम्बर 2023 को संविधान दिवस का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम ओबीसी महासभा कोरबा के महासचिव तरुण सिंह राठौर के द्वारा आयोजन की शुरुआत में संविधान की किताब और बाबा साहब अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।
संविधान दिवस अमर रहे के नारों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। ओबीसी महासभा कोरबा के सचिव आर एन श्रीवास ने बताया कि आज संविधान के कारण ही हम सब को पढ़ने-लिखने, नौकरी करने का अधिकार मिला है। उन्होंने इस बात को विस्तार से समझाया। छत्तीसगढ़ बामसेफ के उपाध्यक्ष एस आर पैगम्बर ने संविधान के निर्माण प्रक्रिया व संविधान के प्रस्तावना को विस्तार से समझाया। टीचर यूनियन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश बघेल ने अपने संक्षिप्त उदबोधन में संविधान लागू होने की प्रक्रिया को समझाया।

एडवोकेट व गण सुरक्षा पार्टी के प्रत्याशी अब्दुल नफीस खान ने संविधान में वर्णित कई तथ्यों सहित पर्यावरण व प्रदूषण के स्थानीय समस्या पर भी चर्चा किया। संतोष कुमार कर्ष ने अपने उदबोधन में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार को समझाया। ए डी जांगड़े ने गोलमेज सम्मेलन व पूना पैक्ट समझौता में बाबा साहब के योगदान को समझाया। कोरबा से बलिराज पार्टी के प्रत्याशी मदन चंद्रा ने बताया कि आज संविधान नही होता तो वे चुनाव लड़ने का अधिकार भी हासिल नहीं का पाते। मूलनिवासी संघ के सी ई सी सदस्य तेरस धिरही ने संविधान के प्रावधान, मनुस्मृति के विधान और भारतीय संविधान का तुलनात्मक विश्लेषण किया।
कोरबा जिला ओबीसी महासभा महिला मोर्चा अध्यक्ष सुश्री त्रिवेणी राजवाड़े ने संविधान में उल्लेखित महिलाओं के हक अधिकार को समझाया। सक्रिय समाजसेवी सुनील सुना ने बताया कि संविधान में उल्लेखित बहुत सी बातें आज भी लागू नही हुई हैं।
सिस्टा के अध्यक्ष आर पी खांडे ने बताया कि संविधान मनुष्य के साथ साथ पेड़ पौधे पशु पक्षी के हक अधिकार की सुरक्षा करता है। तरुण सिंह राठौर ने अपने अध्यक्षीय भाषण के पश्चात संविधान के प्रस्तावना का वाचन किया जिसमें सभी सदस्यों ने दोहराकर आत्मार्पित किया।
संविधान दिवस के कार्यक्रम में वर्षा सहारे, मोतिमती सोनी, फूलबाई यादव, जमुना चंद्रा, सोन कुंवर, ईश्वरी यादव, रिंकी यादव, रूखमणी सिदार, रोशनी यादव, मीनाक्षी सिदार, कमला यादव, अनिता बरेठ, ममता सिदार, प्रकाश खकसे, गौतम कुर्रे, तारेश सुरतावन, विनोद साहू, विवेक यादव आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन पीपीआई-डी के प्रत्याशी योगेश साहू ने किया।
Recent Comments