कोरबा (पब्लिक फोरम)। कुसमुंडा कार्यालय में एस के एम एस के महासचिव कामरेड हरिद्वार सिंह का 19 अक्टूबर को आगमन हुआ। एसकेएमएस महासचिव का कुसमुंडा स्थित (एटक) कार्यालय में उनका स्वागत किया गया।
एस.के.एम.एस. नेता कामरेड हरिद्वार सिंह ने कुसमुंडा स्थित संयुक्त खदान मजदूर संघ (एटक) कार्यालय में यूनियन के पदाधिकारियों और सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित बैठक में दिए गए उद्बोधन में यूनियन को मजबूत करने सहित कोल श्रमिकों के हित में योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा होने से श्रमिकों के बीच न केवल यूनियन को लेकर प्रतिबद्धता बढ़ती है बल्कि संगठन में सांगठनिक मजबूती भी आती है।

श्री सिंह ने यह भी कहा कि देश का कोई भी श्रमिक संगठन समाजवाद की बात नहीं करता, लेकिन एटक यूनियन समाजवाद की बात करते हुए श्रमिक हित में संघर्ष करने के साथ यूनियन की सार्थकता को भी चरितार्थ करता है।
कॉमरेड सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि इस चुनाव में कोरबा विधानसभा से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी कॉमरेड सुनील सिंह एवं कटघोरा विधानसभा सीट से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी कॉमरेड जवाहर सिंह कंवर चुनावी मैदान में हैं। कोरबा जिले की इन दोनों सीटों पर दोनों ही पार्टियां एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। हमें कंधे से कंधा मिलाकर संयुक्त रूप से उन्हें विजयश्री दिलाने की दिशा में कार्य करना होगा। इसी तारतम्य में एस.के.एम.एस. (एटक) भी इन दोनों प्रत्याशियों के साथ खड़ी हुई है।
Recent Comments