रायपुर (पब्लिक फोरम)। जनसंपर्क अधिकारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री बघेल से सौजन्य भेंट कर जनसंपर्क विभाग के सेटअप रिविजन सहित विभाग की अन्य मांगों को पूरा करने के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। संघ के अध्यक्ष संयुक्त संचालक बालमुकुंद तंबोली ने मुख्यमंत्री से कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद करीब 22 वर्षों के बाद आपकी पहल से जनसंपर्क विभाग का सेटअप रिविजन हुआ है। जिससे विभाग में 3 अपर संचालक, 3 संयुक्त संचालक, 10 उपसंचालक सहित अन्य पदों में वृद्धि हुई। इससे बहुत लंबे समय से पदोन्नति से वंचित अधिकारियों की पदोन्नति हो पाई है।
उन्होंने कहा कि सेटअप रिविजन होने से विभागीय दायित्वों का निर्वहन बेहतर कार्य क्षमता और कार्यकुशलता के साथ हो पाएगा। इसके लिए संघ आपके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि विभाग की जरूरतों को देखते हुए संचार उपकरणों की मांग की गई थी, जो लगभग पूर्ण होने की स्थिति में है। साथ ही जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों को भी राज्यस्तरीय अधिमान्यता प्राप्त हुई।
मुख्यमंत्री ने जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी कर्तव्य निष्ठा से कार्य करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर संघ के संरक्षक अपर संचालक जेएल दरियो, संजीव तिवारी के साथ संघ के सदस्य संयुक्त संचालक हर्षा पौराणिक, पंकज गुप्ता, पवन गुप्ता, उप संचालक प्रेमलाल पटेल, सौरभ शर्मा, नितिन शर्मा, सहायक संचालक दानेश्वरी संभाकर, सचिन शर्मा, सहायक सूचना अधिकारी भवानी सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Recent Comments