back to top
शनिवार, फ़रवरी 22, 2025
होमआसपास-प्रदेशकोरबा जिले में 1903 महिलाओं ने संभाली नगरीय निकाय चुनाव 2025 की...

कोरबा जिले में 1903 महिलाओं ने संभाली नगरीय निकाय चुनाव 2025 की जिम्मेदारी: 425 मतदान केंद्रों पर दिखा उत्साह

कोरबा (पब्लिक फोरम)। कोरबा जिले में नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत 11 फरवरी को मतदान होना है। इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक पर्व में जिले के सभी नगरीय निकायों के अंतर्गत कुल 425 मतदान केंद्रों पर चुनाव कराने की जिम्मेदारी महिला मतदान दलों को सौंपी गई है। इनमें पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान दल क्रमांक 01, 02 एवं 03 तक की भूमिका शामिल है। लोकतंत्र के इस महापर्व को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए महिला मतदान दलों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। आज सुबह से ही महिला मतदान दल अपने-अपने मतदान केंद्रों की ओर बसों से रवाना हुईं।

कोरबा जिले के 06 नगरीय निकायों में से नगर निगम कोरबा और नगरपालिका बांकीमोंगरा के लिए मतदान दल झगरहा के आईटी कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम से वोटिंग मशीन लेकर रवाना हुई। इसी तरह, कटघोरा, दीपका, छुरीकला और पाली नगरीय क्षेत्रों के लिए भी मतदान दल ईवीएम लेकर अपने-अपने केंद्रों की ओर चल पड़े।

कलेक्टर श्री अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी और निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में आईटी कॉलेज कोरबा से नगर निगम कोरबा और बांकीमोंगरा के मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो रही महिला मतदान दल की बसों को सेक्टर अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर विदा किया। सभी अधिकारियों ने महिला मतदान दलों को शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साहवर्धन किया। महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान और लोकतंत्र के इस पर्व में शामिल होने की खुशी साफ झलक रही थी।

कलेक्टर श्री अजीत वसंत के नेतृत्व में जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों में महिलाओं को मतदान केंद्रों की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस जिम्मेदारी को पाने पर महिला मतदान दल की कर्मचारियों ने खुद को गौरवान्वित महसूस किया। पीठासीन अधिकारी श्रीमती किरण यादव ने कहा कि जिला प्रशासन ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को यह मौका मिलने से वे गर्व महसूस कर रही हैं। इसी तरह, पीठासीन अधिकारी श्रीमती सरोज केसरी भगत और श्रीमती नेहा सिंह ने भी इस जिम्मेदारी को निभाने में गर्व की अनुभूति व्यक्त की।

मतदान अधिकारी के रूप में कार्यरत महिलाओं ने भी अपनी खुशी जाहिर की। व्ही सुजाता अहमद, गंगोत्री राज, दुर्गेश्वरी कुर्रे सहित अन्य महिलाओं ने कहा कि वे सभी इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएंगी। उन्होंने लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी पर गर्व व्यक्त किया।

कोरबा जिले के सभी नगरीय निकायों के अंतर्गत 425 मतदान केंद्रों पर लगभग 1903 महिला मतदान अधिकारी और कर्मचारी मतदान कराएंगे। कोरबा नगर निगम के 297 मतदान केंद्रों पर 1188 महिला कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया गया है, जबकि 97 महिलाओं को रिजर्व रखा गया है। इसी तरह, बांकीमोंगरा नगर पालिका के 47 मतदान केंद्रों पर 205 कर्मचारी, दीपका के 30 मतदान केंद्रों पर 139 कर्मचारी, कटघोरा के 21 मतदान केंद्रों पर 117 कर्मचारी, छुरीकला के 15 मतदान केंद्रों पर 85 कर्मचारी और पाली नगर पंचायत के 15 मतदान केंद्रों पर 72 महिला कर्मचारियों को ड्यूटी सौंपी गई है। सभी महिलाएं प्रसन्नतापूर्वक इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए रवाना हुईं। नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत जिले में मतदान 11 फरवरी को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments