शनिवार, जुलाई 27, 2024
होमकोरबाकिसानों को धान बेचने में नहीं होगी परेशानी, खरीदी शुरू होने से...

किसानों को धान बेचने में नहीं होगी परेशानी, खरीदी शुरू होने से पहले रकबा त्रुटि में होगा सुधार: रानू साहू

29 नवंबर से फिर चलेगा 3 दिवसीय कोविड वैक्सीनेशन अभियान, शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन का लक्ष्य

कोरबा (पब्लिक फोरम)। जिला कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने समय सीमा की सप्ताहिक समीक्षा बैठक में जरूरी निर्देश देते हुए कहा है कि किसानों द्वारा धान बेचने के लिए किसान पोर्टल में पंजीकृत रकबे में त्रुटि को धान खरीदी शुरू होने से पहले सुधार कर लिया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने आज समय सीमा की समीक्षा बैठक में किसानों के रकबा त्रुटि को तत्काल सुधार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। एकीकृत किसान पोर्टल में किसानों के पंजीकृत रकबे में सुधार हो जाने से किसानों को धान बेचने में परेशानी नहीं होगी।

कलेक्टर श्रीमती साहू ने पोर्टल में रकबा त्रुटि दिखाने वाले किसानों की समिति वार जानकारी लेकर राजस्व अधिकारियों तहसीलदार-पटवारियों के माध्यम से रकबा सत्यापन कर सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने समिति प्रबंधकों और संबंधित तहसील कार्यालय को समन्वय कर किसानों के रकबा त्रुटि को सुधारने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को रकबा सुधार की मॉनिटरिंग करने तथा समय सीमा में सुधार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती साहू ने बैठक में विभागवार शिकायतों के लंबित प्रकरणों की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने अधिकारियों को समय सीमा में शिकायतों के निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षकभोजराम पटेल, नगर निगम आयुक्त कुलदीप शर्मा, जिला पंचायत सीईओ नूतन कंवर, प्रभारी अपर कलेक्टर सुनील नायक, सभी अनुविभागों के एसडीएम, जनपद पंचायतों के सीईओ सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।


* कोरबा, करतला और कटघोरा में 29, 30 नवंबर एवं एक दिसंबर को चलेगा कोविड वैक्सीनेशन महाभियान

जिले में 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोविड टीका लगाने के लिए 18 नवंबर को चलाये गये कोविड वैक्सीनेशन महाभियान को आगे भी चलाया जाएगा। 18 नवंबर के महाभियान में एक लाख 08 हजार से अधिक लोगों को कोविड का टीका लगाया गया था। अभियान की सफलता को देखते हुए 29, 30 नवंबर और एक दिसंबर को करतला, कोरबा और कटघोरा विकासखण्ड में कोविड वैक्सीनेशन महाभियान का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती साहू ने समय सीमा की बैठक में अधिकारियों को वैक्सीनेशन महाभियान की तैयारियां करने और तीनों विकासखण्डों में 18 वर्ष से अधिक आयु के शत-प्रतिशत लोगों को कोविड टीका लगाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि जिले में शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने के लिए लक्ष्य से कम टीकाकरण हुए क्षेत्रों में छुट गए लोगों की पूरी सूची तैयार की जाए तथा ऐसे लोगों को विशेष रूप से प्रोत्साहित कर टीकाकरण कराया जाए। कोविड वैक्सीनेशन महाभियान सभी विकासखण्डों में बारी-बारी से चलाया जाएगा।

* धान खरीदी की सभी तैयारियां समय सीमा में करें पूरी: कलेक्टर

कलेक्टर श्रीमती साहू ने जिले में एक दिसम्बर से समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदने की तैयारियों की भी बैठक में समीक्षा की। उन्होंने राज्य सहकारी विपणन संघ, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सहित खाद्य विभाग के अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने समय सीमा में धान खरीदी की सभी तैयारियों को तेजी से पूर्ण करने और चार नए धान खरीदी केन्द्रों में भी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती साहू ने धान में नमी की जांच के लिए सभी खरीदी केन्द्रों में आर्द्रतामापी यंत्रों की व्यवस्था करने और उनका कैलीब्रेसन खरीदी शुरू होने के पहले करा लेने के निर्देश दिये।

उन्होनें सभी धान खरीदी केन्द्रों में तालपत्री-केप कव्हर, कम्प्यूटर, प्रिंटर, डाटा एन्ट्री ऑपरेटर आदि संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश बैठक में दिये। श्रीमती साहू ने धान खरीदी केन्द्रों पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था सहित बिजली की व्यवस्था करने के भी निर्देश बैठक में दिये। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों पर बारदानों की उपलब्धता की भी जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने खरीदी केन्द्रों पर बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments